फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बाइक मिलेगी तभी बजेगी शहनाई

Thu, 07 May 2015 12:11 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला कौशाम्बी
विज्ञापन
विज्ञापन
शादी में मनपसंद बाइक नहीं मिलने पर सुधवर गांव के एक परिवार ने रिश्ता जुड़ने से पहले ही उसे तोड़ दिया है। तिलक से ठीक दो दिन पहले पल्सर की मांग की गई। इंकार पर शादी करने से मना कर दिया गया। बुधवार को दिन भर दोनों परिवारों के बीच पंचायत हुई, पर बात नहीं बनी। परेशान युवती के पिता ने दहेजलोभियों के खिलाफ चरवा कोतवाली में तहरीर दी है। हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की थी।
विज्ञापन



सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के  एक गांव में रहने वाले अधेड़ ने बताया कि उसने अपनी बेटी की शादी चरवा के सुधवर गांव के एक युवक से तय की थी। आठ मई को तिलक और 11 मई को बारात आनी थी। सगाई के बाद युवती के परिजन शादी की तैयारी में जुटे थे। इधर, 8 मई को तिलक की तैयारी हो रही थी। इसी बीच मंगलवार की शाम लड़के पक्ष ने युवती के परिजनों को फोन करके शादी में पल्सर बाइक की मांग कर डाली। चेताया कि यदि मनपसंद बाइक नहीं मिली, तो दरवाजे पर बारात नहीं आएगी।


दहेजलोभियों की बात सुनकर युवती के घर-परिवार में खलबली मच गई। बुधवार को नात-रिश्तेदारों के साथ लड़के पक्ष के घर पहुंचकर मान-मनौव्वल का प्रयास हुआ। निमंत्रणपत्र आदि बंटने की बात बताई गई। लड़की के पिता ने इज्जत की दुहाई भी दी। पर, दिनभर चली पंचायत के बाद भी दूल्हापक्ष के लोग बगैर पल्सर के शादी के लिए राजी नहीं हुए। तमाम प्रयासों के बाद भी निराशा हाथ लगने पर बुधवार की देर शाम युवती के पिता ने मामले की तहरीर चरवा कोतवाली पुलिस को दे दी है। एसओ ने बताया कि शिकायत की जांच की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें