कस्बे के नेतानगर मोहल्ले में नाली चोक होने से महीनों से जलनिकासी बाधित है। लोगों के घरों से निकलने वाला गंदा पानी रास्ते में बहता रहता है। इससे लोग कीचड़-पानी भरे रास्ते से आने-जाने को मजबूर हैं। हाल ये है कि शिकायत के बाद भी जलनिकासी की समस्या को दूर नहीं किया जा रहा है।
करारी के नेतानगर मोहल्ले में जलनिकासी के लिए नगर पंचायत की ओर से दो साल पहले नाली का निर्माण कराया गया था। मोहल्ले के रहने वाले चैनू बाबा, धर्मपाल, माया देवी, रामपाल, हीरालाल, सविता देवी, शंकरलाल, गुलाब चंद्र, मसूरिया दीन, सोनू आदि ने बताया कि नगर पंचायत के ठेकेदार ने नाली निर्माण के दौरान मानक की अनदेखी की है। ठीक से ढलान नहीं बनाए जाने से पानी की निकासी नहीं हो पाती है। सारा पानी नाली में ही भरा रहता है। इधर, कुछ महीने से नाली की सफाई नहीं कराई गई है। इससे पूरी नाली कचरे से भरकर चोक हो गई है। इस कारण से लोगों के घरों से निकलने वाला पानी रास्ते में बहता रहता है।
रास्ते में जगह-जगह जलभराव है। लोगों को कीचड़-पानी भरे रास्ते से आने-जाने की मजबूरी झेलनी पड़ रही है। सबसे ज्यादा दिक्कत औरतों और छोटे-छोटे बच्चों को होती है। स्कूल जाने वाले बच्चे तो अक्सर कीचड़-पानी भरे रास्ते में फिसलकर गिरते रहते हैं। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत भी की गई। इसके बाद भी जलनिकासी की समस्या को दूर नहीं किया जा रहा है। मामले में अधिशासी अधिकारी लालजी यादव ने बताया कि नेतानगर मोहल्ले में यदि जलनिकासी की समस्या है, तो जांच कराकर इसे जल्द ही ठीक कराया जाएगा।