खाद्यान्न नहीं मिलने से परेशान गुवारा तैयबपुर गांव के लोगों का सोमवार को गुस्सा फूट पड़ा। कोटेदार की मनमानी से खफा गांववालों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। डीएम को शिकायतीपत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की। जिलाधिकारी ने आपूर्ति अधिकारी को जांच का निर्देश दिया है।
मंझनपुर तहसील क्षेत्र के गुवारा तैयबपुर गांव निवासी राजू सरोज, शिवकुमार, प्रदीप कुमार, युवराज, कामता प्रसाद, रामबाबू, राजेश कुमार, इंद्रराज, रामप्रकाश, फूलकली, रामकली, रामप्रकाश, हरिलाल, संतोष प्रसाद, राजेश गुप्ता, तीरथ सिंह, सुभाष चंद्र, लवकुश कुमार, हरिओम, सुवाकली, छोटेलाल आदि ने बताया कि कोटेदार खाद्यान्न, मिट्टी का तेल बांटने में मनमानी करता है। दूसरे, तीसरे महीने में वितरण किया जाता है।
इस दौरान भी एपीएल कार्डधारकों को कभी भी खाद्यान्न वितरण नहीं होता है। अन्य उपभोक्ताओं को वितरण के दौरान घटतौली और निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूल की जाती है। विरोध करने पर कोटेदार और उसके परिवार के लोग मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। कोटेदार की इस मनमानी से भड़के गांववालों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। कलेक्ट्रेट पहुंचकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। डीएम को प्रार्थनापत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की।