बरसों से जाम की समस्या का सामना कर रहे लोगों को छुटकारा मिल जाएगा। मनौरी में रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज बनाया जाएगा। ओवरब्रिज के लिए सर्वे पूरा हो गया है। इससे जहां ग्रामीण गदगद हैं। वहीं दुकानदारों के होश उड़े हैं। निर्माण के बाद कारोबार पर विपरीत असर पड़ने की आशंका से परेशान व्यापारियों की मांग है कि ओवरब्रिज आबादी से दूर बनाया जाए।
बता दें कि दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग कौशाम्बी की तीन प्रमुख बाजार मनौरी, भरवारी, सिराथू से होकर गुजरा है। यह मार्ग देश के अतिव्यस्त रेलमार्गों में है। प्रत्येक आधे घंटे में ट्रेन आती आती रहती है। ट्रेनों के आने-जाने पर रेलवे क्रासिंग का फाटक बंद होने से तीनों कस्बों में जाम की समस्या खड़ी हो जाती है। बरसों से जाम से निजात दिलाने की मांग को देखते हुए कौशाम्बी के तीनों कस्बों में ओवरब्रिज बनना है। भरवारी में तो इसका निर्माण शुरू है। वहीं मनौरी में भी निर्माण को मंजूरी मिलने के साथ सर्वे का काम भी पूरा हो चुका है।
सेतु निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर प्रमोद पांडेय ने बताया कि मनौरी कस्बे में क्रासिंग पर करीब 750 मीटर लंबा ओवरब्रिज बनाया जाएगा। पब्लिक इंटर कालेज से लेकर शिवालाल केसरवानी के मकान तक ओवरब्रिज बनना है। वहीं ओवरब्रिज बनने की जानकारी से शंभूलाल केसरवानी, वीरेंद्र केसरवानी, राधेश्याम केसरवानी, रमेश केसरवानी आदि कस्बाई गदगद हैं। इन्हें खुशी है कि अब जल्द ही जाम की समस्या खत्म होगी, लेकिन आबादी के बीच से ओवरब्रिज निर्माण के सर्वे से व्यापारियों की नींद उड़ी है। इन्हें आशंका है कि बस्ती के बीच से ओवरब्रिज बनने से उनका कारोबार चौपट हो सकता है। इसके लिए स्थानीय दुकानदारों ने आबादी से दूर निर्माण की मुहिम छेड़ दी है। प्रधान रवि केसरवानी, रामचंद्र केसरवानी, गुलाब केसरवानी आदि दुकानदारों ने डीएम को ज्ञापन देकर आबादी से दूर इसके निर्माण की मांग भी की है।