सिराथू कस्बे को अतिक्रमणमुक्त बनाने की नगर पंचायत ने कवायद शुरू कर दी है। सड़क पटरी, नालियों पर हुए कब्जे को चिह्नित करने का काम शुक्रवार को पूरा कर लिया गया। कस्बे में अतिक्रमण के चिह्नीकरण में अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत के अलावा लोक निर्माण विभाग और राजस्व विभाग की टीम भी लगी थी।
डीएम अखंड प्रताप सिंह ने नगर पंचायत सिराथू और अजुहा को अतिक्रमणमुक्त कराने का फरमान जारी किया है। डीएम के निर्देश पर सिराथू में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए नगर पंचायत ने लोक निर्माण विभाग के साथ मिलकर खाका तैयार किया। सप्ताहभर से सड़क पटरी, नाली और नगर पंचायत की सरकारी जमीन पर हुए अतिक्रमण को चिह्नित करने का काम चल रहा था।
अधिशासी अधिकारी लालचंद्र मौर्य ने बताया कि शुक्रवार को चिह्निीकरण का काम पूरा कर लिया गया। लोक निर्माण विभाग के एई बीडी पांडेय ने बताया कि नगर के सैनी और मंझनपुर रोड पर सड़क के दोनों ओर 23 फुट और धाता रोड पर 27 फुट की जमीन खाली कराने के लिए चिह्नित किया गया है। इस दायरे में जो भी अतिक्रमण हुआ है। उसे खाली कराया जाएगा। बताया कि लोगों को खुद अपने अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम दे दिया गया है। इसके बाद जेसीबी लगाकर अतिक्रमण को ध्वस्त कराया जाएगा। नगर पंचायत की इस कार्रवाई से कस्बे के लोगों के साथ व्यापारियों में हड़कंप मचा है।