भूमिहीन किसान भी समूह बनाकर बैंक की तमाम योजनाओं का लाभ हासिल कर सकते हैं। यह सीख ग्रामीणों को ग्रामीण बैंक के निदेशक एसपी सिंह ने दी। वे ग्रामीण बैंक उदहिन खुर्द की ओर से आयोजित ग्राहक गोष्ठी में बोल रहे थे। इस दौरान क्षेत्रीय किसानों में एक करोड़ रुपये का केसीसी ऋण भी बांटा गया।
ग्रामीण बैंक की उदहिन खुर्द शाखा की ओर से बृहस्पतिवार को बल्लभभाई पटेल शिक्षा सदन में ग्राहक गोष्ठी और वित्तीय समावेश कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बैंक निदेशक एसपी सिंह ने ग्रामीणों को बैंक की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने लोगों को केसीसी, अटल पेंशन योजना, जन-धन योजना, समूह ऋण, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति पेंशन योजना आदि के बारे में बताते हुए इनका लाभ लेने का आह्वान किया।
उन्होंने भूमिहीन ग्रामीणों को भी समूह बनाकर बैंक की योजनाओं को हासिल करके खुद को आर्थिकरूप से संपन्न बनाने की सीख दी। कार्यक्रम के दौरान जहां किसानों के बीच एक करोड़ रुपये का केसीसी ऋण बांटा गया। वहीं ननकी देवी पत्नी फूलचंद्र और सुरेंद्र कुमार को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत 2-2 लाख रुपये का चेक देकर लाभान्वित किया। इस मौके पर बैंक के क्षेत्रीय अध्यक्ष एके लाल, महेश प्रसाद, ईश्वर शरण सिंह, लक्ष्मी नरेश सिंह आदि मौजूद रहे।