ट्रैक्टर ट्राली पलटने से कड़ा क्षेत्र के अफजलपुर सातों गांव की 15 महिलाएं जख्मी हो गई। इनमें 8 महिलाओं की हालत गंभीर बनी हुई है। इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी महिलाएं एक परिचित की मौत पर गम में शरीक होने बसवारी गांव जा रही थी।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के बसवारी गांव के एक व्यक्ति की बृहस्पतिवार की सुबह मौत हो गई थी। गम में शरीक होने के लिए कड़ा क्षेत्र के अफजलपुर सातों गांव के प्रधान की पत्नी फातिमा बीवी समेत 15 महिलाएं बसवारी गांव जा रही थी। ये महिलाएं जैसे ही गांव के बाहर निकली। तभी गिट्टी लेकर एक ट्रैक्टर ट्राली जाती दिखी। महिलाओं ने ट्रैक्टर ट्राली रोकी और उसी में सवार हो गई। उधर, जैसे ही ट्रैक्टर ट्राली 500 मीटर आगे बढ़ी। सड़क किनारे मोबाइल कंपनी का केबिल बिछाने के लिए खोदी गई नाली में पहिया चले जाने पलट गया।
ट्रैक्टर ट्राली पलटने से उसमें सवार फातिमा बीवी (40) के साथ ही शबनम (35), सम्मू बीवी (40), कौसर जहां (42), शाहजहां बीवी (45), नूरजहां (35), हनीफा बीवी (45), सईदा बानो (42), आदि महिलाएं जख्मी हो गई। दुर्घटना और महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। जुटे ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर ट्राली में घायल होकर फंसी महिलाओं को बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां 8 महिलाओं की हालत गंभीर देख इन्हें चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।