सवारियों से भरा एक टेंपो पलटने से सोमवार शाम गंभीररूप से घायल कटरी गांव के एक अधेड़ की देर रात इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। वह भट्ठे पर काम करता था। सोमवार को भट्ठे पर जाने के लिए ही घर से निकला था। पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पश्चिमशरीरा थाना क्षेत्र के कटरी गांव का श्याम लाल (45) इटावा के एक भट्ठे पर काम करता था। सोमवार को वह बेटे शुभम के साथ भट्ठे पर जाने के लिए घर से निकला था। मंझनपुर पहुंचने पर वह सिराथू स्टेशन जाने के लिए टेंपो में सवार हो गया। सवारियों से भरी टेंपो कोर्रई गांव के समीप पहुंची। सड़क पार करते समय अचानक एक बालक सामने आ गया। इसी को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर टेंपो सड़क किनारे पलट गया। हादसे में श्यामलाल, शुभम समेत आठ लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने टेंपो के नीचे दबे घायलों को बाहर निकाला और हादसे की जानकारी पुलिस को दी।
मंझनपुर कोतवाली पुलिस ने एंबुलेंस से सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां सोमवार रात करीब एक बजे गंभीररूप से जख्मी श्यामलाल की सांस थम गई। जबकि उसका बेटा शुभम भी जीवन-मौत से जूझ रहा है।