सिराथू तहसील क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव के एक घर के ऊपर पेड़ की विशालकाय डाल टूटकर गिर पड़ी। इसके पूरा मकान क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। पूरा परिवार मौत के मुंह में जाने से बाल-बाल बच गया। घटना से परिवार के सदस्य घंटों सहमे रहे।
रघुनाथपुर गांव निवासी महराजदीन किसान है। वह घर में मां, पत्नी और चार छोटे-छोटे बच्चों के साथ रहता है। सोमवार की सुबह करीब सात बजे परिवार के सभी सदस्य घर के बाहर बैठे आग ताप रहे थे। तभी अचानक उनके घर के बगल स्थित पुराने महुए के पेड़ की एक मोटी डाल गिर गई। डाल गिरने से उसका पूरा घर क्षतिग्रस्त हो गया। घर के ऊपर डाल गिरने से जहां परिवार के लोग डर के मारे चीखते-चिल्लाते भागे।
वहीं डाल गिरने की तेज आवाज से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। घर क्षतिग्रस्त होने से अनहोनी की आशंका से भयभीत गांववाले भागकर मौके पर पहुंचे। पूरे परिवार को सुरक्षित देख ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। गांववालों का कहना है कि भगवान का शुक्र है कि यह घटना सुबह के समय तब हुई। जब परिवार के सभी लोग घर के बाहर थे। यदि यही घटना दो घंटे पहले हुई होती, तो भीतर सो रहा महराजदीन का पूरा परिवार काल के गाल में समा सकता था।