द्वाबा में साइबर क्राइम के शातिर बदमाशों ने मंझनपुर के लेखपाल के खाते से 56 हजार रुपये पार कर दिया है। यह रकम एटीएम के माध्यम से 4 बार में निकाली गई है। भुक्तभोगी लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के टेवां गांव निवासी रामदीन लेखपाल है। बताया कि 26 दिसंबर को वह विकास भवन स्थित एटीएम बूथ पर पैसा निकालने के लिए गया था। पर, एटीएम मशीन में गड़बड़ी के कारण पैसा नहीं निकला। लेखपाल की मानें तो इस दौरान एटीएम बूथ पर मौजूद एक युवक ने उससे एटीएम कार्ड लेकर पैसा निकालने में मदद करने की कोशिश की थी। पर, वह भी पैसा नहीं निकाल सका।
इधर, शुक्रवार और शनिवार को उसके खाते से चार बार में 56 हजार रुपये निकाल लिए गए। रविवार की शाम जब उसने मोबाइल पर खाते से पैसा निकाले जाने का मैसेज पढ़ा, तो वह सन्न रह गया। उसने सोमवार को बैंक पहुंचकर घटना की जानकारी शाखा प्रबंधक को देते हुए एटीएम कार्ड लाक कराया। साथ ही खाते से पैसे निकाले जाने की तहरीर मंझनपुर कोतवाली में भी दी। लेखपाल का कहना है कि मदद के नाम पर एटीएम बूथ पर मिले युवक ने ही धोखे से उसका कार्ड बदल लिया था। उसी ने यह घटना की है। भुक्तभोगी लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।