करारी और पुरामुफ्ती इलाके में 24 घंटे के भीतर हुए सड़क हादसों में दो युवक की मौत हो गई। करारी के समीप बेकाबू बाइक पुलिया से टकरा जाने के कारण युवक की जान चली गई। वहीं पुरामुफ्ती क्षेत्र में डीसीएम की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौत हो गई। हादसों में हुई युवकों की मौत से पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
चरवा थाना क्षेत्र के सिरियावां कला गांव निवासी श्री चंद्र (25) बृहस्पतिवार को बाइक से गांव के ही रहने वाले रमेश कुमार के साथ करारी बाजार जा रहा था। इस दौरान जैसे ही उसकी बाइक बरलहा गांव के समीप पहुंची, तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पुलिया से टकरा गई। इस हादसे में श्रीचंद्र और रमेश दोनों घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायल युवकों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां शुक्रवार की सुबह श्रीचंद्र की मौत हो गई। इसी तरह से पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के फरीदपुर चकताजपुर गांव निवासी वाजिद अली (28) पुत्र अमानत उल्ला कोईलहा स्थित हड्डी मिल में काम करता था। शुक्रवार की सुबह करीब 8 बजे वह साइकिल से काम पर जा रहा था, तभी पुरामुफ्ती के समीप इलाहाबाद की ओर से आई तेज रफ्तार डीसीएम ने उसे टक्कर मार दी। गिरने से वह डीसीएम की चपेट में गया।
इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा देख मौजूद लोग भागकर मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस और परिजनों को दी। सूचना पर पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में हुई युवकों की मौत से पीड़ित परिवार के लोगों का रो-रोकर हाल बेहाल है।