जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए शुक्रवार को नामांकन के साथ ही मिनी सदन की इस सबसे बड़ी कुर्सी पर कब्जे की कवायद शुरू हो गई। कौशाम्बी में जिपं अध्यक्ष पद पर सपा की ओर से पूर्व अध्यक्ष मधुपति, बसपा की ओर से अनामिका सिंह पटेल और भाजपा की ओर से अवधरानी ने नामाकंन दाखिल किया। प्रभारी जिला निर्वाचन अधिकारी ओपी आर्या ने बताया कि नामांकनपत्रों की जांच में तीनों उम्मीदवारों के पर्चे सही मिले हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 7 जनवरी को चुनाव होना है। इसके लिए शुक्रवार को नामाकंन पत्र दाखिल किए गए। समाजवादी पार्टी की ओर से सिराथू विधायक वाचस्पति की पत्नी और पूर्व जिपं अध्यक्ष मधुपति ने नामांकन किया है। उनके साथ पार्टी समर्थित जिपं सदस्यों के साथ जिलाध्यक्ष, नगर पंचायत करारी के चेयरमैन मौला बख्श समेत तमाम पार्टी नेता मौजूद रहे। वहीं बसपा की ओर से पार्टी नेता आनंद मोहन सिंह की पत्नी और वार्ड नंबर 25 से निर्वाचित सदस्य अनामिका सिंह पटेल ने नामाकंन पत्र दाखिल किया।
उनके साथ मंझनपुर विधायक और सूबे के पूर्वमंत्री इंद्रजीत सरोज, चायल विधायक आसिफ जाफरी आदि मौजूद रहे। वहीं भाजपा पार्टी की ओर से वार्ड नंबर 22 से निर्वाचित सदस्य अवधरानी ने नामाकंन पत्र दाखिल किया। प्रभारी जिला निर्वाचन अधिकारी ओपी आर्य और एआरओ अशोक कुमार यादव ने बताया कि नामांकन के बाद पर्चों की जांच हुई। जांच में तीनों उम्मीदवारों के पर्चे सही पाए गए हैं।
बता दें कि कौशाम्बी में जिला पंचायत के 29 सदस्य हैं। इनमें सपा और बसपा समर्थित सदस्यों की संख्या 11-11 जबकि भाजपा समर्थित सदस्यों की संख्या 5 हैं। वहीं दो सदस्यों का सीधा संबंध किसी भी पार्टी से नहीं है। ऐसे में जीत के लिए 15 सदस्यों की जरूरत हैं। यानि साफ है कि सपा और बसपा के बीच 4 सदस्यों को अपने पाले में लाने को कांटे का मुकाबला है।