मंझनपुर। ट्रांसफार्मर फुंकने से चार महीने से रात अंधेरे में गुजार रहे नौढ़िया आमद करारी गांव के लोगों का बृहस्पतिवार को गुस्सा फूट पड़ा। एसडीओ और जेई पर मनमानी का आरोप लगाते हुए गांववालों ने प्रधान के साथ कलेक्ट्रेट में पहुंचकर प्रदर्शन किया। डीएम को शिकायतीपत्र देकर ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग की। जिलाधिकारी ने एक्सईएन को जांच करके गांव में बिजली की समस्या को दूर कराने का निर्देश दिया है।
सिराथू तहसील के नौढ़िया आमद करारी गांव की प्रधान मंजू सिंह, वासुदेव, पप्पू, राम सिंह, वीरेंद्र त्रिपाठी, बृजेंद्र कुमार, मोहनलाल, फूलचंद्र, भैयालाल, मुलायम सिंह, रोशनलाल, अशवारी, रामचंद्र सोनकर, दुर्गा प्रसाद, रमेश कुमार, संतोष कुमार आदि ने बताया कि उनके गांव में बिजली की आपूर्ति के लिए लगा ट्रांसफार्मर चार महीने से जला हुआ है। इससे पूरे गांव की बत्ती गुल है। गांववालों को रात अंधेरे में गुजारनी पड़ रही है।
आरोप है कि कई बार इसकी शिकायत एसडीओ और अवर अभियंता से की गई। उपकेंद्र जाकर भी कई बार शिकायत दर्ज कराई गई। इसके बाद भी फुंका हुआ ट्रांसफार्मर बदला नहीं जा रहा है। बिजली विभाग के अफसरों की इस मनमानी को लेकर बृहस्पतिवार को गांववालों का गुस्सा फूट पड़ा। तमतमाए ग्रामीण ग्राम प्रधान के साथ कलेक्ट्रेट आए और प्रदर्शन किया। ग्राम प्रधान ने जिलाधिकारी को शिकायतीपत्र देकर बिजली आपूर्ति बहाल करवाने की मांग की है। डीएम ने प्रधान और ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए एक्सईएन को जांच कराकर ट्रांसफार्मर दुरुस्त कराकर बिजली की समस्या दूर कराने का निर्देश दिया है।