सरायअकिल इलाके की एक युवती के साथ बुधवार को दिनदहाड़े पड़ोसी युवकों ने गैंगरेप की कोशिश की। खेत की ओर गई युवती को गांव के तीन युवकों ने दबोच लिया था। चीखें सुनकर गांववालों के दौड़ने पर युवक धमकियां देते हुए भाग निकले। मामले में पुलिस ने गांव के रहने वाले तीन युवकाें के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
सरायअकिल थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती बुधवार की दोपहर करीब एक बजे खेत की ओर गई थी।
उसे अकेले खेत की ओर जाते देख गांव के तीन युवक पीछे-पीछे पहुंचे। इन युवकों ने उसे दबोचा और अरहर के खेत में उठा ले गए। युवती के साथ तीनों युवकों ने जबरदस्ती करने की कोशिश की। दरिंदों के चंगुल से खुद को छुड़ाने की कोशिश करते हुए युवती चीखने-चिल्लाने लगी। उसकी चीखें सुनकर आस-पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़े। गांववालों को आता देख तीनों युवक युवती को किसी के भी सामने जुबान खोलने पर जान से मार डालने की धमकी देते हुए भाग निकले। युवकों के चंगुल से छूटी युवती अस्त-व्यस्त कपड़ों में सिसकते हुए घर पहुंची।
उसकी हालत देख घरवाले सन्न रह गए। युवती ने पड़ोसी युवकों की सारी करतूत घरवालों को बताई। घटना सुनते ही परिजनों के होश उड़ गए। युवती को लेकर उसकी मां सरायअकिल थाने गई और नामजद तहरीर पुलिस को दी। सरायअकिल पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ दुराचार करने की कोशिश की एफआईआर दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि घटना की जांच के साथ नामजद युवकाें की तलाश की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, घटना से युवती और उसके परिवार के लोग सहमे हैं।