सरायअकिल के तरनी गांव में ननिहाल आई बालिका नीतू (6) पुत्री धर्म नारायण पटेल की बुधवार को सड़क किनारे खेलते समय सड़क हादसे में मौत हो गई। इलाहाबाद से सवारियां लेकर कौशाम्बी जा रही बस ने उसे कुचल दिया। बालिका को रौंदने के बाद बेकाबू बस भी पलट गई थी। इससे बस में सवार दर्जन भर सवारियां भी जख्मी हो गई। उधर, हादसे में बालिका की मौत पर गांववालों का गुस्सा फूट पड़ा। लोग चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग करते हुए सड़क पर उतर आए। चक्काजाम कर दिया। एसडीएम ने कार्रवाई का भरोसा दिलाकर लोगों को शांत कराया। इससे करीब घंटेभर तक इलाहाबाद-कौशाम्बी मार्ग बाधित रहा।
कोखराज कोतवाली के झंझागढ़ (भरवारी) गांव निवासी रूप नारायण की ससुराल सरायअकिल के तरनी गांव में है। उसकी छह साल की बेटी नीतू हफ्तेभर पहले ननिहाल आई थी। बताया जाता है कि बुधवार को अपराह्न करीब दो बजे वह तरनी गांव के सामने सड़क किनारे खेल रही थी। तभी इलाहाबाद से सवारियां लेकर कौशाम्बी जा रही प्राइवेट बस ने उसे कुचल दिया। बस की चपेट में आने से नीतू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बेकाबू हुई बस भी कुछ दूर जाकर पलट गई। इससे बस में सवार रमाकांत पांडेय (65) निवासी पूरब शरारी पश्चिमशरीरा, जोहरा बीवी (60) पत्नी शमीम निवासी पलरा, रश्मि (12) पुत्री मेवालाल निवासी भीखा गर्ग का पुरा कौशाम्बी, शफीक अहमद (62) निवासी पलरा, अमित कुमार (18) पुत्र सुखलाल निवासी बेनीगंज इलाहाबाद, राम सिंह (40) पुत्र रामयश निवासी दियावल मऊ चित्रकूट, लालमणि (35) पुत्र धनराज निवासी काशीनाथपुर मऊ चित्रकूट समेत दर्जनभर लोग घायल हो गए।
दुर्घटना से हड़कंप मच गया। सड़क पर खून से लथपथ पड़ी बालिका और दुर्घटनाग्रस्त बस में फंसे घायल सवारियों की चीख-पुकार पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर आई इलाकाई पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उधर, हादसे में बालिका की मौत पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग करते हुए लोग सड़क पर उतर आए। चक्काजाम की खबर लगते ही एसडीएम और सीओ सिराथू फोर्स लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। एसडीएम ने कार्रवाई का भरोसा दिलाकर लोगों को शांत कराया।