नेवादा। सरायअकिल के बेनीरामकटरा में स्थित आशा किरण पब्लिक स्कूल शिवपुरम का सोमवार को वार्षिकोत्सव आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करके लोगों को मन मोह लिया। मौके पर मौजूद रहे एसडीएम चायल रजनीश मिश्र ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना की। कहा कि शिक्षा के साथ ऐसे आयोजनों से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है।
स्कूल के वार्षिकोत्सव का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने मंच पर आकर धमाल मचा दिया। बच्चों ने लोकगीत, नृत्य के साथ ही राधा-कृष्ण की नृत्य नाटिका, सत्यम् शिवम् सुंदरम् की प्रस्तुति देकर लोगों का मन मोह लिया। वहीं छात्र-छात्राओं ने संतुलित आहार के फायदे और आदर्श शिक्षा विषय पर लघु नाटिका पेश करके जहां अपनी अदा का जलवा बिखरा। वहीं लोगों को शिक्षा और संतुलित आहार से स्वस्थ रहने का संदेश दिया।
इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे एसडीएम चायल रजनीश मिश्र ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की। कहा कि ग्रामीण अंचल के बच्चों में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। बस, उनकी प्रतिभा को पहचानकर तराशने और उन्हें मंच उपलब्ध कराने की जरूरत है। इसके बाद बच्चे दुनियाभर में परिवार, समाज और देश का नाम रौशन करेंगे। उन्होंने ऐसे आयोजनों को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सहायक बताया। इस मौके पर स्कूल प्रबंधक धनंजय मिश्र, राजीव गुप्ता, संगम मिश्र, बृजेंद्र नारायण मिश्र, गोलंद, गुड्डू शुक्ला आदि मौजूद रहे।