हनुमत पाल महाविद्यालय चूहापीरन के प्रबंधक, प्राचार्य और कालेज के एक अन्य कर्मचारी के खिलाफ सोमवार को सैनी कोतवाली में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया। एक छात्रा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के चूहापीरन गांव के समीप हनुमत पाल डिग्री कालेज स्थित है। इसी कालेज की छात्रा रही शबीना बानो पुत्री महमूद का आरोप है कि उसने शिक्षासत्र 2012-13 में बीए प्रथम वर्ष की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। द्वितीय वर्ष में प्रवेश के लिए उसने महाविद्यालय में फीस जमा की थी। वह क्लास भी लेने आती थी। पर, परीक्षा के दौरान उसे प्रवेश पत्र नहीं दिया गया। पूछताछ करने पर पता चला कि उसका परीक्षा फार्म ही नहीं भरकर भेजा गया है। छात्रा की मानें तो उसने इसकी जानकारी प्रबंधक हनुमत पाल को दी।
उन्होंने भी कोई संतोषजनक जबाव नहीं दिया। बल्कि उसे डांटकर भगा दिया। बाद में उसे जानकारी हुई कि उसे विश्वविद्यालय की ओर से जो रोल नंबर अलाट किया गया था, उस अनुक्रमांक पर दूसरे छात्र की परीक्षा दिलाई गई है। छात्रा का आरोप है कि प्रबंधक, प्राचार्य और लिपिक/कोषाधिकारी ने उसके साथ जालसाजी करके कैरियर चौपट कर दिया। उसे प्रवेश के नाम पर दी गई रसीद भी फर्जी थी।
पीड़ित छात्रा ने इस मामले की शिकायत डीएम, डीआईओएस से भी की थी। इतना ही नहीं सोमवार को उसने सैनी कोतवाली में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। सैनी कोतवाल दिनेश सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करके मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं प्रबंधक हनुमत पाल का कहना है कि उन्हें रिपोर्ट दर्ज होने अथवा किसी की छात्र-छात्रा के साथ जानबूझकर परीक्षा से वंचित करने जैसी घटना की कोई जानकारी नहीं है।