मंझनपुर (ब्यूरो)। मौसम की मार से बर्बाद हुई फसलों का जायजा लेने के साथ ही सोमवार को डीएम ने गेहूं की क्रॉप कटिंग कराकर इसकी पैदावार की भी जांच की। बता दें कि इससे पहले रविवार को भी एसडीएम मंझनपुर में पश्चिमशरीरा इलाके में क्रॉप कटिंग कराकर पैदावार की जांच की थी।
बता दें कि रबी सीजन की प्रमुख फसल गेहूं की फसल जैसे ही खेतों में तैयार होने लगी थी। मौसम का कहर इन फसलों पर टूटने लगा था। मार्च महीने में दो बार हुई बेमौसम की भीषण बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं समेत रबी सीजन की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश और ओलावृष्टि से फसलें गिर गई थी। इससे जहां गेहूं के दाने कमजोर हो गए हैं। वहीं पैदावार भी घटने की उम्मीद है।
मौसम की मार से बर्बाद हुई गेहूं की फसलों का जायजा लेने के साथ इसकी पैदावार का आकलन करने सोमवार को खुद जिलाधिकारी राजमणि यादव ने खेतों का रुख किया था। डीएम सोमवार की शाम मंझनपुर तहसील के गांव बंधवा रजवर और छोकड़ियन का पुरा पहुंचे। गेहूं की फसलों की कटाई में जुटे किसानों से उन्होंने मौसम की मार से हुए नुकसान की बावत पूछताछ की। जानकारी ली कि बेमौसम की बारिश से फसलों की पैदावार कितनी प्रभावित हुई है। वहीं उन्होंने इन दोनों गांवों के आसपास के खेतों से गेहूं की फसल की क्रॉप कटिंग कराकर पैदावार की हकीकत भी खंगाली। इससे पहले रविवार को एसडीएम मंझनपुर नरेंद्र बहादुर सिंह ने पश्चिमशरीरा के शरीफपुर गांव के समीप क्रॉप कटिंग कराकर पैदावार की जांच की थी।