मंझनपुर (ब्यूरो)। भाजपाइयों ने सोमवार को पार्टी का 35वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। इस मौके पर मुख्य आयोजन ओसा बाजार में किया गया। जहां काशी क्षेत्र के महामंत्री प्रभाशंकर पांडेय भी मौजूद रहे। उन्होंने पार्टी की नीतियों का बखान किया। साथ ही कार्यकर्ताओं से जन-जन को पार्टी से जोड़कर केंद्र की तरह अब यूपी में भी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने में जुटने का आह्वान किया।
मंझनपुर के ओसा बाजार में स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे श्री पांडेय ने भारतीय जनता पार्टी देश की सबसे बड़ा संस्कारित राजनैतिक दल है। उन्होंने पार्टी की नीतियों का बखान करते हुए कहा कि आज देश का एक-एक व्यक्ति भाजपा की नीतियों को समाज और देश की तरक्की देने वाला मानता है। यही कारण है कि लोकसभा चुनाव के दौरान देश की जनता ने प्रचंड बहुमत देकर केंद्र में भाजपा की सरकार बनाई। उन्होंने कहा कि केंद्र में सरकार बनाने के बाद जब पार्टी ने देशव्यापी सदस्यता अभियान छेड़ा, तो एक-एक व्यक्ति भाजपा से जुड़ने को आतुर दिखा। यही कारण है कि मौजूद समय में भाजपा से नौ करोड़ से भी ज्यादा लोग जुड़ चुके हैं।
उन्होंने पार्टी की नीतियों और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और यूपी में भी केंद्र की तरह पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से जुटने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष संतोष सिंह पटेल ने कहाकि भाजपा ने हमेशा देश और तरक्की को अपनी प्राथमिकता माना है। यही कारण है कि आज पार्टी से लगातार लोग जुड़ते जा रहे हैं। मौके पर आद्या प्रसाद पांडेय, रमेश पासी, यशपाल केसरी, जीतेंद्र सोनकर, अजय त्रिपाठी, शांताराम पांडेय, कल्लू पंडा, जयचंद्र मिश्र, राजेंद्र प्रसाद पांडेय, रामू विश्वकर्मा, अनिलेश केसरवानी, विकास गुप्ता, पन्नालाल यादव, नरेश पासी, शिवम मिश्रा, पप्पू, जीतलाल, अभय विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।