प्रधान के चुनाव को लेकर बृहस्पतिवार की सुबह पिपरी के बजहा गांव में जमकर बवाल हुआ। प्रचार के दौरान दो उम्मीदवार समर्थक भिड़ गए। इस दौरान निवर्तमान प्रधान के समर्थकों ने दूसरे पक्ष के लोगों पर हमला कर दिया। लाठी-डंडे से इनकी जमकर पिटाई। मारपीट में 6 लोग जख्मी हुए हैं। चीख-पुकार पर गांववाले दौड़े तो हमलावरों ने फायरिंग भी की। इससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। बवाल की सूचना पर कई थानों की फोर्स लेकर एएसपी, सीओ गांव पहुंचे। पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।
मामले में प्रधानपद के प्रत्याशी मोहम्मद अरशद की तहरीर पर पिपरी थाने में निवर्तमान प्रधान समेत 13 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। घटना से गांव में तनाव है।
पिपरी थाना क्षेत्र के बजहा गांव निवासी मोहम्मद अरशद पुत्र मकबूल अहमद प्रधान पद का प्रत्याशी है। बृहस्पतिवार को वह गांव में समर्थकों के साथ प्रचार कर रहा था। तभी वहां निवर्तमान प्रधान गुलफूल के समर्थक भी आ गए। इनके बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते निवर्तमान प्रधान पक्ष के लोग लाठी-डंडे लेकर अरशद के समर्थकों पर टूट पड़े। उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया। हमले से अरशद पक्ष के मकबूल, मकसूद, फरमूद अहमद, राशिद, शफीक और सालिम आदि घायल हो गए। मारपीट होती देख गांववाले जुटने लगे।
ग्रामीणों को आते देख हमलावरों ने हवाई फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां दागे जाने से गांव में अफरा तफरी मच गई। लोग अनहोनी की आशंका से सहम उठे। घबराए गांववालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। बजहा गांव में बवाल की सूचना लगते ही मौके पर एएसपी ओपी पांडेय, सीओ चायल रामभवन यादव कई थानों की फोर्स लेकर पहुंचे। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर भाग चुके थे। पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं मामले में प्रधान पद के प्रत्याशी मोहम्मद अरशद की तहरीर पर पुलिस ने निवर्तमान प्रधान गुलफूल समेत 13 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में दबिश भी दी, लेकिन सभी घर से फरार थे। सीओ चायल ने बताया कि दोनों पक्ष के बीच वर्चस्व को लेकर मारपीट हुई है। हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।