मंझनपुर (ब्यूरो)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में होने वाले मतदान के नामांकन पत्रों की बुधवार को जांच की गई। पहले चरण में मंझनपुर और मूरतगंज ब्लाक की 121 ग्रामसभाओं में चुनाव होना है। इन दोनाें ब्लाकों में प्रधानपद के लिए 1237 और सदस्य पद के लिए 2232 प्रत्याशियों ने नामाकंन किया है।
पंचायत चुनाव के पहले चरण में मंझनपुर और मूरतगंज ब्लाक की ग्रामसभाओं में चुनाव होना है। इसके लिए सोमवार और मंगलवार को नामांकन पत्र जमा कराए गए थे। मंझनपुर ब्लाक की 59 ग्रामसभाओं से प्रधानपद के लिए कुल 584 और सदस्य पद के लिए 1097 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया है जबकि मूरतगंज ब्लाक की 62 ग्रामसभाओं में प्रधानपद के लिए 653 और सदस्य पद के लिए 1135 ने नामांकन किया है।
बुधवार को दोनों ब्लाकों में नामांकन पत्रों की जांच शुरू की गई। आरओ ने बताया कि बृहस्पतिवार को भी नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके बाद 20 नवंबर को नाम वापस लिया जा सकता है। शुक्रवार को ही प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न का भी आवंटन किया जाएगा। बता दें कि इन दोनाें ब्लाकों में 28 नवंबर को मतदान होना है।
पहले चरण में प्रधान पद के लिए मंझनपुर और मूरतगंज ब्लाक क्षेत्र में होने वाले चुनाव के लिए जमा हुए नामांकन पत्रों की बुधवार को जांच की गई। नामाकंन पत्रों की जांच के साथ ही प्रत्याशियों ने अपनी आपत्तियां भी दर्ज कराईं। इस दौरान ग्रामसभा छिमिरछा गांव की एक प्रत्याशी ने जाति प्रमाण पत्र को लेकर आपत्ति दर्र्ज कराई। इसके अलावा तहसील द्वारा जारी किए गए जाति प्रमाणपत्रों को लेकर भी 6 ग्रामसभाओं के प्रधान पद के कई उम्मीदवारों ने आपत्ति दर्ज कराई है। आरओ नरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन आपत्तियों की जांच बृहस्पतिवार को कराई जाएगी।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में चायल और नेवादा ब्लाक में मतदान होगा। इसके लिए बृहस्पतिवार और शुक्रवार को नामांकन होना है। इन दोनों ब्लाकों में सोमवार से नामांकन पत्रों की बिकवाली हो रही है। बुधवार को चायल और नेवादा ब्लाक में प्रधान पद के 1063 और सदस्य पद के 489 पत्रों की बिक्री हुई। पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में 1 दिसंबर को चायल की 29 और नेवादा ब्लाक की 74 ग्रामसभा में मतदान होना है। इसके लिए दोनों ब्लाकों में 19 नवंबर से नामांकन होना है।
नामांकन की तैयारी में जुटे प्रधान और सदस्य पद के उम्मीदवारों ने बुधवार को पर्चों की खरीद भी की। बुधवार को चायल ब्लाक की 29 ग्राम सभाओं के प्रधान पद के कुल 339 और सदस्य पद के 24 प्रत्याशियों ने पर्चा खरीदा। इसी तरह से नेवादा ब्लाक की 74 ग्रामसभाओं के प्रधान पद के 724 और सदस्य पद के 465 प्रत्याशियों ने बुधवार को नामांकन पत्रों की खरीद की। आरओ ने बताया कि दोनाें ब्लाकों में नामाकंन दाखिले की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बृहस्पतिवार की सुबह 10 बजे से नेवादा और चायल ब्लाक में नामांकन शुरू होगा।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में किन्नर भी किस्मत आजमाकर प्रधान बन सकते हैं। दायर याचिका की सुनवाई के बाद उच्च न्यायालय ने किन्नरों को पुरूष और महिला सीट से पंचायत और निकाय चुनाव लड़ने के पक्ष में फैसला सुनाया है। न्यायालय के आदेश पर निर्वाचन आयोग से आए निर्देश पर जिलानिर्वाचन अधिकारी को बुधवार को सभी विकास खंड के आरओ को इसकी जानकारी दी।