बारा (ब्यूरो)। ग्रामीण बैंक की बारा शाखा से एक युवती का जननी सुरक्षा चेक गायब हो गया है। तीन महीने से वह रकम पाने के लिए बैंक का चक्कर लगा रही है। सोमवार को उसने इसकी शिकायत शाखा प्रबंधक से की। लाभार्थी का आरोप है कि पहले भी कई बार वह शिकायत कर चुकी है, लेकिन बैंक का कोई भी अधिकारी, कर्मचारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
कौशाम्बी गांव की संतरा देवी पत्नी राम जियावन 14 अगस्त को मां बनी थी। प्रसव पीड़ा होने पर सुरक्षित डिलेवरी के लिए घरवालों ने उसे 14 अगस्त की सुबह सीएचसी बारा में भर्ती कराया था। बच्चे को जन्म देने के बाद उसे अगले दिन जननी सुरक्षा का चेक अस्पताल की ओर से प्रदान किया था। विवाहिता ने बताया कि 16 अगस्त को दिन में करीब 11 बजे उसने यह चेक ग्रामीण बैंक की बारा शाखा में जमा किया था। पर, जमा किए गए जननी सुरक्षा के चेक की रकम अब तक उसके खाते में स्थानांतरित नहीं हो सकी है।
15 दिनों तक जब उसे रकम नहीं मिली तो उसने इसकी शिकायत बैंक जाकर की। तब बताया गया कि उसका चेक कही खो गया है। जल्द ही चेक ढूंढकर उसके खाते में रकम डाल दी जाएगी। तब से वह लगातार बैंक का चक्कर लगा रही है, लेकिन उसे जननी सुरक्षा के चेक की रकम का भुगतान नहीं किया जा रहा है। सोमवार को भी उसने बैंक आकर इसकी शिकायत शाखा प्रबंधक से की। शाखा प्रबंधक अश्विनी कुमार मिश्र ने बताया कि शिकायत मिली है। जांच कराकर कार्रवाई और महिला के खाते में रकम का भुगतान कराया जाएगा।