मंझनपुर (ब्यूरो)। सार्वजनिक उपयोग की जमीन का पट्टा मिलने से हिसामपुर गांव के लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने मंगलवार को मंझनपुर तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया। लेखपाल पर मनमानी का आरोप लगाते हुए गांववालों ने एसडीएम से शिकायत की। उपजिलाधिकारी से ग्रामसभा में खाली जमीन का पट्टा किए जाने की मांग की। अनदेखी पर कलेक्ट्रेट में धरना देने की चेतावनी भी दी।
मंझनपुर तहसील क्षेत्र के हिसामपुर गांव निवासी राम गुलाम, मुन्नीलाल, रामप्रताप, रोशनलाल, महंतलाल, रामकृपाल, जगदीश प्रसाद, जवाहर लाल, रणविजय सिंह, रमेश कुमार, लालता प्रसाद, मंगल दास, दादूराम, घूरेलाल, संतोष कुमार, रामचंद्र, ननकू लाल आदि ने बताया कि उन्हें ग्रामसभा की ओर से आवासीय पट्टा मिला है। इसी पट्टा मिली जमीन पर जब उन्होंने लोहिया आवास बनवाने की कोशिश की, तो खुलासा हुआ कि यह जमीन तो सार्वजनिक उपयोग के लिए सुरक्षित है। इस जानकारी से होश उड़ गए।
लेखपाल और प्रधान से शिकायत भी की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। लेखपाल पर मनमानी का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने मंगलवार को मंझनपुर तहसील आकर हुंकार भरी। एसडीएम को शिकायतीपत्र देकर सार्वजनिक उपयोग की जमीन पर मिले पट्टे को निरस्त कराते हुए ग्रामसभा की खाली भूमि का पट्टा किए जाने की मांग की। उपजिलाधिकारी पंचायत चुनाव के बाद जमीन की पैमाइश कराकर समस्या के समाधान का भरोसा ग्रामीणों को दिया है।