सिराथू/पइंसा (कौशाम्बी)। विद्युत उपकेंद्र घटमापुर में रविवार की रात हमला करके बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। एसएसओ और कर्मचारियों को बंधक बनाकर नकाबपोश बदमाश क्षतिग्रस्त पड़े 5 एमवीए के ट्रांसफार्मर में लगी करीब 3 लाख रुपये की केबल काटकर उठा ले गए। अवर अभियंता की तहरीर पर रिपोर्ट लिखकर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
मोहब्बतपुर पइंसा थाना क्षेत्र के घटमापुर गांव के समीप 33 केवीए का विद्युत सबस्टेशन स्थापित है। इस उपकेंद्र में वर्ष 2012 में 5 एमवी के ट्रांसफार्मर से उपकरण चोरी हो गया था। तब से यह ट्रांसफार्मर उपकेंद्र में पड़ा हुआ है। इधर, रविवार की रात करीब 1 बजे दर्जनभर नकाबपोश बदमाशों ने उपकेंद्र में धावा बोल दिया। बदमाशों ने आते ही ड्यूटी पर मौजूद एसएसओ राजू और रोशनलाल को बंधक बनाकर कमरे में बंद कर दिया। एसएसओ को मुताबिक बदमाश करीब चार घंटे तक उपकेंद्र में रहे।
इस दौरान उन्होंने खराब पड़े 5 एमवीए के ट्रांसफार्मर में लगी कापर की तार खोली। तांबे की केबिल खोलकर बदमाश भोर में करीब 4 बजे बजे भागे। लूटी गई केबिल की कीमत करीब 3 लाख रुपये है। बदमाश चार पहिया वाहन से थे। उधर, बदमाशों के जाने के बाद कर्मचारियों ने शोर मचाया, तो आसपास के लोग आए। ग्रामीणों ने बंधक बने एसएसओ के कमरे की कुंडी खोली। इसके बाद उन्होंने उदहिन बाजार जाकर पिकेट ड्यूटी पर सोते मिले सिपाही को घटना की सूचना दी। सूचना पर पइंसा पुलिस आई और मौका मुआयना किया। जेई ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। इस घटना से विद्युत कर्मचारियों में दहशत है।
बदमाशों ने सप्लाई आने पर चालू कराई आपूर्ति
सिराथ (ब्यूरो)। पइंसा क्षेत्र के घटमापुर सब स्टेशन में लूटपाट करने वाले शातिर बदमाशों ने रात में बिजली आने से एसएसओ को कमरे से बाहर निकालकर उनसे बिजली सप्लाई चालू करने को भी कहा। बिजली आपूर्ति चालू करने के बाद उन्हें फिर से ले जाकर कमरे में बंद कर दिया। ऐसा बदमाशों ने इसलिए किया, ताकि समय से बिजली सप्लाई नहीं देने से नलकूप से सिंचाई करने वाले ग्रामीण उपकेंद्र पर न आ जाए।