मंझनपुर (ब्यूरो)। कौशाम्बी में लेखपाल की परीक्षा के दौरान जिलेभर में हुआ बवाल अफसरों की अनदेखी का नतीजा है। यहां 16 हजार से अधिक परीक्षार्थियों का केंद्र बनाया गया था। भीड़ आना पक्का था। पर, इसे संभालने के लिए किसी भी स्तर पर कोई तैयारी नहीं थी। बस, टेंपो अड्डे, रेलवे स्टेशन से लेकर परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षा के इंतजाम सिफर रहे। यही कारण था कि पूरे दिन उपद्रवी युवक बवाल मचाते हुए पुलिस पर भारी पड़े।
जिले में 16 हजार परीक्षार्थियों को चकबंदी लेखपाल भर्ती की परीक्षा देनी थी। इसके लिए प्रशासन ने 26 स्कूलों को केंद्र तो बना दिया। परीक्षा के दो दिन पहले कलक्ट्रेट में पुलिस और प्रशासनिक अफसरों के साथ बैठक कर परीक्षा सकुशल संपन्न कराने की रूपरेखा भी तय की गई। मगर इस तैयार की गई इस रूपरेखा पर अमल नहीं किया गया। यही कारण है कि सुबह जब विभिन्न जिलों से परीक्षार्थियों का रेला कौशाम्बी के लिए निकला तो उसे संभालना यहां की पुलिस और अफसरों पर भारी पड़ा। ट्रेन लेट होने को लेकर अटसराय स्टेशन से शुरू हुआ बवाल सुजातपुर स्टेशन पर लगाई गई आग तक जारी रहा।
इस दौरान 4 घंटे उपद्रवी युवकों का कब्जा दिल्ली-हावड़ा जैसे देश के अतिव्यस्त रेलमार्ग पर बना रहा। परीक्षार्थियों के ट्रैक जाम करने की सूचना के आधे घंटे बाद ही सैनी कोतवाली पुलिस वहां पहुंच गई थी। पर परीक्षार्थियों की भीड़ और उनका गुस्सा देख वह कुछ नहीं कर सकी। 4 घंटे बाद किसी तरह पुलिस ट्रैक खाली करा सकी। वह तब जब आला अफसर पीएसी के साथ अटसराय पहुंचे। पुलिस और उनके अफसरों की ऐसी ही नाकामी सुजातपुर रेलवे स्टेशन पर भी देखने को मिली। जहां उपद्रवी छात्रों ने स्टेशन मास्टर समेत अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट की। कर्मचारियों के जान बचाकर भागने पर उन्होंने स्टेशन पर तोड़फोड़ के साथ आगजनी की। ट्रेन के पैंट्रीकार में कैश समेत लाखों की लूट की। मगर मौजूद फोर्स यहां भी करीब 4 घंटे दर्शक की ही भूमिका में रही। अटसराय, सुजातपुर स्टेशन के अलावा अव्यवस्था को लेकर सिंकदरपुर बजहा, जनार्दन प्रसाद स्कूल मंझनपुर समेत कई अन्य परीक्षा केंद्रों पर भी परीक्षार्थियों ने खूब उत्पात मचाया।
लेखपाल भर्ती परीक्षा देने आए युवकों का गुस्सा जनार्दन प्रसाद स्कूल मंझनपुर में भी फूटा था। पर्चे की सील खुली देख भड़के परीक्षार्थी यहां भी घंटे भर उत्पात मचाए रखे। इस दौरान परीक्षार्थियों ने स्कूल प्रबंधक ओम श्रीश पांडेय को कमरे में बंद कर दिया था। उत्पात की सूचना पर पहुंचे एसडीएम, सीओ से भी परीक्षार्थी भिड़ गए थे। करीब घंटेभर की मान-मनौव्वल के बाद पुलिस किसी तरह से स्कूल पहुंचकर प्रबंधक को वहां से निकाल सकी।
लेखपाल भर्ती परीक्षा के दौरान पेपर लीक होने की सूचना से भड़के परीक्षार्थियों ने गुलाब देवी स्कूल सिकंदरपुर बजहा में जमकर तांडव किया। परीक्षा छोड़कर तोड़फोड़ में जुटे परीक्षार्थियों ने इस दौरान स्कूल के दरवाजे, खिड़की, कुर्सियां, मेज, शीशे आदि तोड़ डाले। इतना ही नहीं प्रिंसिपल आफिस में हमला करके उपद्रवियों ने कम्प्यूटर आदि भी पटक दिया। स्कूल में घंटों उत्पात मचाने के बाद प्रदर्शनकारी सड़क पर पहुंचकर वहां भी घंटे भर हाईवे जाम कर उपद्रव करते रहे। ईंट-पत्थर चलाकर वाहनों के शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए।