शारदीय नवरात्र पर गांव-गांव सजे पूजा पंडालों के सामने भगवान की लीलाओं के मंचन के साथ प्रवचन का भी आयोजन किया जा रहा है। इसीक्रम में मंझनपुर बाजार स्थित पूजा पंडाल में भगवान श्रीकृष्ण की रासलीला का मंचन किया गया है। जहां सोमवार रात कलाकारों ने कृष्ण-रुक्मिणी विवाह के प्रसंग का मंचन किया।
मंझनपुर की दुर्गापूजा कमेटी की ओर से आयोजित रासलीला का मंचन करने को वृंदावन से नाट्य टोली आई है। इसके कलाकार भागवत कथा में वर्णित भगवान की एक-एक लीला का सशक्त मंचन कर रहे हैं। सोमवार रात कृष्ण-रुक्मिणी विवाह के प्रसंग को पेश किया गया। लीला को देखकर लोग मंत्रमुग्ध हो गए।
वहीं मंझनपुर रामलीला मैदान में चल रही रामलीला में सोमवार रात सूपर्णखा की नाक काटने के प्रसंग का मंचन किया गया, तो सरायअकिल में भी राम वनगमन के प्रसंग को कलाकारों ने जीवंत किया। वहीं भरवारी, अजुहा, करारी आदि कस्बों में पूजा पंडालों में राम और भागवत कथा संतों ने सुनाई। लाईमंडी अजुहा में नवदुर्गापूजा कमेटी की ओर से सजे पंडाल में सीतापुर स्थित गौरा कुटी से आई बाल व्यास किरन देवी ने भागवत कथा सुनाई। कहाकि धर्म-पुराणों में वर्णित प्रसंगों को आत्मसात करने से ही मानव जीवन और समाज का भला संभव है।