शारदीय नवरात्र में शनिवार को मां भगवती के चौथे स्वरूप कूष्मांडा की पूजा की गई। मां की उपासना के लिए शक्तिपीठ शीतलाधाम समेत सभी मंदिरों और पूजा पंडालों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी रही। मैया के जयकारे से मंदिर और पूंजा पंडाल दिनभर गुंजायमान रहे।
शक्ति की आराधना का पावन पर्व नवरात्र इन दिनों चल रहा है। नवरात्र के नौ दिनों में भक्त उनके अलग-अलग नौ स्वरूपों की पूजा-आराधना करते हैं। शनिवार को माता के चौथे स्वरूप मां कूष्मांडा की पूजा की गई। मां का यह स्वरूप साधकों को अनंत फल देने वाला है। इधर, शनिवार को माता रानी के दर्शन-पूजन को देवी मंदिरों और पूजा पंडालों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। माता के 51 शक्तिपीठों में शामिल मां शीतलाधाम कड़ा में तो दर्शन के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ा दिखा।
शक्तिपीठ में दर्शन को कौशाम्बी जिले के आलावा दूसरे जनपदों और गैर प्रांतों से लोगों के आने का सिलसिला दिनभर जारी रहा। भक्तों की भीड़ का आलम यह रहा कि लोगों को घंटों कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। दर्शन की ऐसी ही भीड़ दुर्गामंदिर मंझनपुर, मां झारखंडी मंदिर पूरबशरीरा, आनंदी माता मंदिर अढौली समेत अन्य मंदिरों और पूजा पंडालों में भी रही। मंदिर और पूजा पंडालों में दिनभर मैया के जयकारे भी गूंजते रहे।