कोखराज के संदीपन गंगाघाट में मंगलवार को नहाते समय कसिया पश्चिम गांव के तीन किशोर डूब गए। हादसे से गंगाघाट पर अफरा-तफरी और परिवार में कोहराम मच गया। उधर, तीन-तीन लड़कों के गंगा में समाने की सूचना के बाद भी जब घंटों वहां पुलिस और प्रशासनिक अफसर नहीं पहुंचे तो ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर उतर आए और हाईवे जाम कर दिया। करीब घंटे भर बाद एसडीएम और एसओ ने आकर खोजबीन कराने का भरोसा दिलाकर लोगों को शांत कराया। खबर लिखे जाने तक एसडीएम अपनी मौजूदगी में गोताखोरों को लेकर गंगा में डूबे किशोरों की तलाश में जुटे थे।
कोखराज थाना क्षेत्र के कसिया पश्चिम गांव के यतेंद्र सोनी (15) पुत्र विजय सोनी, नितिन साहू (16) पुत्र राजीव साहू और सूरज विश्वकर्मा (15) पुत्र राजू तीनों 10वीं क्लास के छात्र थे। इनमें गहरी दोस्ती भी थी। मंगलवार को शारदीय नवरात्रि पर तीनों ने गंगा नहाने की योजना बनाई और सुबह करीब 10 बजे संदीपन घाट पहुंच गए। इनके साथ सूरज का छोटा भाई नीरज भी था। तीनों गंगा में डुबकी लगा रहे थे जबकि नीरज इनके कपड़ों की रखवाली कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नहाते समय तीनों किशोर गहरे पानी में डूबने लगे।
उनको डूबते देख घाट पर हड़कंप मच गया। घाट पर मौजूद कुछ स्नानार्थियों ने शोर मचाते हुए उन्हें बचाने का प्रयास भी किया लेकिन देखते ही देखते यतेंद्र, नितिन और सूरज गंगा में समा गए। हादसे की भनक लगते ही रोते-बिलखते परिवारवालों के साथ ग्रामीणों की भीड़ घाट पर जमा हो गई। डूबे किशोरों की तलाश में स्थानीय मल्लाह और ग्रामीण नदी में उतरे। उधर तीन-तीन किशोरों के नदी में डूबने की घटना के करीब घंटे भर बाद भी जब कोई अफसर घाट पर नहीं पहुंचा तो गांववालों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर उतर आए और कोखराज के समीप हाईवे जाम कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों के हाईवे जाम करने की सूचना पर पहुंचे एसडीएम ने गोताखोर बुलाकर खोजबीन कराने का भरोसा दिला किसी तरह लोगों को शांत कराया। खबर लिखे जाने तक किशोरों की खोज जारी थी।