नेवादा। रामनवमी की रात सरायअकिल कस्बा प्रभु श्रीराम के जयकारों से गुंजायमान रहा। बैंडबाजे के साथ भगवान राम की सवारी निकाली गई। इसके साथ ही भव्य कलात्मक झांकियों का भी प्रदर्शन किया। धार्मिक प्रसंगों को प्रदर्शित करती इन झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया।
चैत्र मास के शुक्लपक्ष की नवमी तिथि को भगवान श्रीराम ने अवतार लिया था। भगवान के अवतार के इस मौके पर शनिवार को सरायअकिल कस्बे में आयोजन किया गया। रात में रामलीला मैदान से बैंडबाजे के साथ भगवान श्रीराम की सवारी निकाली गई। जयकारों के बीच निकाली गई प्रभु श्रीराम की यह मनोरम झांकी हनुमान मंदिर, चावल मंडी, सब्जी मंडी, भगौतीगंज, फकीराबाद होते हुए रामलीला मैदान लौटकर समाप्त हुई।
इस दौरान भगवान की भक्ति में सैकड़ों भक्त बैंडबाजे की धुन पर झूमते रहे। वहीं राम की सवारी के साथ भगवान शिव, माता रानी की पूजा करते भक्त, राधा-कृष्ण की रासलीला आदि को प्रदर्शित करती कलात्मक झांकियां भी निकाली गईं। विभिन्न धार्मिक प्रसंगों से जुड़ी इन झांकियों की सजावन और कलाकारों की अदाकारी देख लोग मंत्रमुग्ध रहे। वहीं भगवान की सवारी और धार्मिक झांकियों के निकाले जाने के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर कस्बे में पुलिस के जवान भी मुस्तैद दिखे। इस मौके पर विनय जायसवाल, संतलाल उर्फ बच्चालाल, गोपालजी केसरवानी, कृष्णा केसरवानी, कल्लू जायसवाल, भरत केसरवानी, रवींद्र जायसवाल, सुनील सोनी, उमेश कुमार केसरवानी, मुन्नू जायसवाल आदि मौजूद रहे।