रविवार को रेलवे स्टेशन सिराथू का स्थानीय निरीक्षण करने के लिए जीएम अरुण कुमार सक्सेना अपनी टीम के एडीआरएम के साथ आए। चौरीचौरा एक्सप्रेस से पहुंचने के बाद उन्होंने स्टेशन का विधिवत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मिलने पहुंचे भाकियू एवं व्यापारी नेताओं से स्टेशन में यात्री सुविधा बढ़ाए जाने का आश्वासन दिया।
रेलवे के जीएम अरुण कुमार सक्सेना रविवार को एडीआरएम दिनेश कुमार शुक्ल के साथ सिराथू रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर जमीनी हकीकत से रूबरू हुए। रेलवे फाटक के दोनों ओर क्षतिग्रस्त सड़क देख वह भड़क गए। पीडब्लूडी के अधिशासी अभियंता को 3 दिन के भीतर फाटक के दोनों ओर सड़क दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जीएम सब कुछ सही पाए जाने पर संतुष्ट रहे। इस दौरान भाकियू का एक प्रतिनिधि मंडल नूरूल इस्लाम एवं व्यापारी नेता अशोक कुमार की अगुवाई में मुलाकात की। इन लोगों ने सिराथू स्टेशन पर यात्री सुविधाएं आमदनी के आधार पर बढ़ाए जाने की मांग रखी। जीएम ने आश्वस्त किया कि यहां ट्रेनों का ठहराव बढ़ाए जाने की पूरी संभावना राजस्व रिकार्ड से बनती है। वह जनता की इस मांग को शीघ्र ही पूरी करेंगे। कहा कि स्टेशन में यात्री सुविधा बढ़ाए जाने के लिए प्लेटफार्म नंबर तीन का निर्माण कराया जाएगा। स्टेशन के निर्माण में तकरीबन 4 करोड़ रुपये खर्च होगा। जीएम ने सिराथू स्टेशन को लेकर भाकियू एवं व्यापारी नेताओं की रचनात्मक सोच की सराहना की। इस दौरान नूरूल इस्लाम, संतोष केशरवानी, विनोद कुमार, रणवीर सिंह, राम सूरत वर्मा, सांता राम, होरी लाल, अशोक कुमार समेत तमाम लोग मौजूद रहे।