कोखराज कोतवाली क्षेत्र के बिसारा गांव के समीप शनिवार सुबह बेकाबू बालू लदा एक ट्रक साइकिल सवार युवक को कुचलते हुए पलट गया। ट्रक की चपेट में आने से दो युवक घायल हो गए। लोगों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी। घायलों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। जब कि दूसरे को डाक्टरों को प्राथमिक उपचार के बाद एसआरएन अस्पताल इलाहाबाद रेफर कर दिया। वहीं हादसे के बाद ट्रक का चालक और खलासी मौके से भाग निकले। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
करारी थाना क्षेत्र के मंगौरा गांव निवासी शिवबाबू (28) पुत्र जोखू लाल शनिवार सुबह बुआ के घर कोखराज के अल्लीपुर गांव दाहसंस्कार में शामिल होने गया था। बताया जाता है कि गांव पहुंचने के बाद उसे कुछ सामान खरीदने के लिए भरवारी बाजार भेज दिया। बताया जाता है कि जैसे ही वह बिसारा टावर के समीप पहुंचा तभी मंझनपुर की ओर से बालू लेकर जा रहा ट्रक चालक सड़क किनारे खड़े श्याम बिहारी (22) पुत्र सुधाकर को बचाने के चक्कर में शिवबाबू को कुचलते हुए सड़क किनारे खड्ड में पलट गया।
हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर पर लोग जब मौके पर पहुंचे तो ट्रक चालक खलासी के साथ भाग निकला। लोगों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी। घायलों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हादसे में जख्मी शिवबाबू की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं श्याम बिहारी जीवन-मौत के बीच जूझ रहा है। पुलिस ने हादसे की जानकारी पीड़ित परिवार को दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ विपिन त्रिवेदी ने बताया कि देर शाम तक उन्हें तहरीर मृतक और घायल के परिजनों ने नहीं दी है। तहरीर मिलने पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।