जश्न-ए-आजादी के दिन 15 अगस्त को लालचौक पर तिरंगा फहराने का जज्बा लेकर कौशाम्बी जिले के दो विहिप कार्यकर्ता कश्मीर जाने की तैयारी में है। इन कार्यकर्ताओं ने 13 अगस्त को कश्मीर जाने के लिए जम्मू-तवी एक्सप्रेस से अपना टिकट भी आरक्षित करा लिया है। विहिप कार्यकर्ता ने अपनी इस मंशा की जानकारी राज्यपाल, डीजीपी को पत्र फैक्स करके देते हुए सुरक्षा की मांग भी की है।
ऐतिहासिकता से भरी कौशाम्बी नगरी के लोगों ने स्वाधीनता संग्राम के समय से ही देशभक्ति का जज्बा दिखाया है। अब ऐसा ही जज्बा लेकर कौशाम्बी के मंझनपुर तहसील के भरसवां गांव के सुनील गर्ग और उनके एक साथी ने 15 अगस्त को कश्मीर जाकर लालचौक पर तिरंगा फहराने का ऐलान करके दिखाया है। विश्व हिन्दू परिषद में जिले के सह मंत्री के रुप में काफी समय से काम कर रहे सुनील गर्ग का कहना है कि देशद्रोही लगातार लालचौक पर पाकिस्तानी झंडा फहराने की चेतावनी दे रहे हैं। सुनील की मानें तो दहशतगर्दों की इन्हीं धमकियों को देखते हुए उन्होंने इस बार 15 अगस्त का जश्न लालचौक पर मनाने का फैसला किया है। बताया कि वे और उनके एक अन्य साथी 13 अगस्त को कश्मीर जाने के लिए इलाहाबाद से ट्रेन पकड़ेंगे।
इन दोनों ने कश्मीर के लिए जम्मू तवी एक्सप्रेस से अपना टिकट भी रिजर्व करा लिया है। उन्होंने देशवासियों से भी इस मुहिम में साथ देने का आह्वान किया है। उसने अपनी इस मंशा की जानकारी राज्यपाल, डीजीपी सहित अन्य अधिकारियों को पत्र भेजकर देेते हुए सुरक्षा की भी मांग की है। मामले में डीएम अनिल कुमार सिंह का कहना है कि ऐसा कोई पत्र अभी उन्हें प्राप्त नहीं हुआ है। पत्र का अवलोकन करने से पहले कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।