दरोगा जी! वो मेरे पति हैं, आप जुदा नहीं कर सकतेमां की शिकायत पर पुलिस उसे और उसके कथित पति को दबोचकर ले आई थी। इस दौरान वह युवक को पति बताते हुए पुलिस और घरवालों से घंटों उलझी रही। काफी देर की मान मनौव्वल के बाद वह इस शर्त पर पिता के घर जाने को राजी हुई कि दो दिन बाद वह फिर से पति के घर लौट आएगी।
कोखराज इलाके की एक युवती का मंझनपुर क्षेत्र के एक युवक से संबंध हो गया था। इसकी भनक लगते ही घरवालों ने विरोध शुरू कर दिया। इसपर दो साल पहले वह घर से भाग निकली और कोर्ट में प्रेमी से शादी करके दिल्ली में रहने लगी। युवती के घर से भागने पर परिजनों ने खोजबीन की। युवक के खिलाफ बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की थाने में शिकायत भी की। वहीं पति के साथ दिल्ली के रहने वाली युवती इस बीच चांद सी बेटी की मां भी बन गई। बेटी पैदा होने के बाद युवती पति के साथ उसके गांव में आकर रहने लगी। दो दिनों पहले किसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। युवती की मां की मानें तो बेटी ने फोन करके प्रताड़ना की जानकारी दी थी।
बेटी के साथ मारपीट किए जाने से परेशान होकर उसने इसकी शिकायत एएसपी से की। सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मंझनपुर पुलिस ने गांव जाकर प्रेमी जोड़े को बच्ची समेत कोतवाली बुला ले आई। यहां युवती के मां-बाप, भाई भी मौजूद थे। परिवार वालों और पुलिस ने घर जाने की बात कही, तो युवती भड़क गई। प्रेमी को पति बताकर उसी के साथ रहने की जिद पर वह अड़ी रही। घंटों की मान-मनौव्वल के बाद वह इस शर्त पर मां-बाप के साथ जाने के लिए राजी हुई, कि दो दिन बाद वह फिर से पति के घर लौट आएगी। एसओ राजेश सिंह ने बताया कि दोनों ने कोर्ट मैरिज की है। उसने खुद युवक के ऊपर कोई आरोप नहीं लगाया है। वह उसके साथ ही रहना चाहती है। दोनों बालिग हैं। ऐसे में पुलिस उनके साथ कोई दबाव नहीं डाल सकती है।