सावन महीने में बाबा बैजनाथ को गंगाजल का अभिषेक करने के लिए कौशाम्बी से भी हजारों कांवड़ियों का जत्था रविवार को बाबाधाम के लिए रवाना हुआ। बैंडबाजे के साथ बाबा की भक्ति में मस्त नाचते-झूमते निकले कांवड़ियों के बोल बम के उद्घोष से जिला गुंजायमान रहा। सावन का महीना भगवान शिव की पूजा का माना जाता है। सावन के सोमवार को भोलानाथ के गंगाजल से जलाभिषेक का विशेष महत्व है। शिवभक्त कांवड़ में गंगाजल लेकर जलाभिषेक के लिए निकलते हैं। कौशाम्बी से भी प्रतिवर्ष सावन के महीने में बाबा बैजनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए हजारों कांवड़िये जाते हैं। इस साल भी बाबाधाम में जलाभिषेक के लिए रविवार को कांवड़ियों का जत्था मंझनपुर से रवाना हुआ। मंझनपुर, करारी, ओसा, टेंवा, भद्दुरपुर, महुआखेड़ा, नारा, चक, जुबरा आदि आसपास के गांवों से जुटे हजारों कांवड़िए बोल बम का जयघोष करते हुए बैंडबाजे के साथ नाचते-गाते निकले। इन कांवड़ियों का रास्ते में लोगों ने स्वागत किया।