सरायअकिल कोतवाली के रसूलपुर टप्पा गांव में रविवार सुबह पुरानी रंजिश में मवेशी चराने गए युवक की तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी गई।जान बचाने दौड़े युवक के भतीजों को भी हत्यारोपियों ने दौड़ा लिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मौके पर पंहुची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रसूलपुर टप्पा गांव का नितेश (32वर्ष) पुत्र प्रेम मजदूर है। गांव में कुछ लोगों से उसकी पुरानी रंजिश है। परिवार वालों के मुताबिक रविवार सुबह नौ बजे वह मवेशियों को लेकर चराने गया था। गांव स्थित कालोनी में पड़ोस के ही आधा दर्जन युवकों ने उसे घेरकर पीटना शुरू कर दिया।आरोप है कि जब उसने जान बचाकर भागने का प्रयास किया तो हमलावरों ने उसे कनपटी में तमंचा सटाकर गोली मार दिया। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
शोर सुनकर बचाने दौड़े नितेश के भतीजों दिलीप व रंजीत को भी हमलावरों ने दौड़ा लिया। दोनों ने गांव की तरफ भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीणों के ललकारने पर सभी हमलावर मौके से फरार हो गए।हत्या की सूचना पर पूरे गांव में सनसनी फ़ैल गई। सूचना पर मौके पर पंहुची पुलिस ने जांच पड़ताल व परिवार वालों से पूछताछ के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।