सिराथू। बृहस्पतिवार की रात पुलिस चौकी सिराथू से चंद कदम दूरी पर स्थित शिव सागर कोल्ड स्टोर पर दो चोरों ने धावा बोल दिया। चौकीदार ने उन्हें ललकारा तो उसके सिर पर लोहे के राड से प्रहार कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।
सैनी पुलिस को दी गई तहरीर में शिव सागर कोल्ड स्टोर के प्रबंधक राम कुमार मौर्या का कहना है कि 9/10 जुलाई की रात तकरीबन 12 बजे दो नकाबपोश कोल्ड स्टोर में धावा बोल दिया। चौकीदार सुरेंद्र यादव ने उन्हें कैश रूम में घुसते देख ललकारा तो उस पर लोहे के राड से हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। प्रबंधक का कहना है कि चोर कैश बाक्स का ताला तोड़ उसमें रखा 15 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। चौकीदार के शोर मचाने पर मदद के लिए पल्लेदार टूट पड़े। पल्लेदारों को आता देख चोर हवा में फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। चौकी प्रभारी आशुतोष द्विवेदी का कहना है कि पुलिस शीघ्र ही घटना का खुलासा कर देगी। घटना स्थल पर बदमाशों का एक मोबाइल भी छूट गया है।