मंझनपुर। आरा बिहार में हुई विस्फोट की घटना के बाद कौशाम्बी में दिनभर अलर्ट रहा। शुक्रवार को न्यायालय परिसर, कलेक्ट्रेट, बस अड्डे, रेलवे स्टेशन, बाजार, धार्मिक स्थलों समेत सभी सार्वजनिक स्थानों पर दिनभर चेकिंग अभियान चलाया गया। एसपी ने बताया कि स्थानीय अभियोजन इकाई, डाग स्कवायड टीम के साथ इलाकाई पुलिस को अतिरिक्त चौकसी बरतने का निर्देश दे दिया गया है।
बता दें कि गणतंत्र दिवस से तीन दिन पहले आरा बिहार में हुई घटना के बाद प्रदेश के सभी जिलों में विशेष चौकसी का निर्देश शासन से आया है। इसी के मद्देनजर शुक्रवार को कौशाम्बी के न्यायालय परिसर, कलेक्ट्रेट, बस अड्डे, रेलवे स्टेशन, धार्मिक स्थलों के साथ ही साथ अन्य भीड़भरे स्थानों पर दिनभर चौकसी बरती गई। स्थानीय अभियोजन ईकाई (एलआईयू), डाक स्कवायड टीम के साथ मंझनपुर नगर कोतवाली के प्रभारी राजेश सिंह ने न्यायालय परिसर जाकर जांच-पड़ताल की।
इसी तरह की कलेक्ट्रेट, विकास भवन, जिला संयुक्त अस्पताल के साथ ही मंझनपुर चौराहे, बाजार में भी जांच की गई। एसपी रतनकांत पांडेय ने बताया कि गणतंत्र दिवस तक जिले के सभी सार्वजनिक स्थानों पर इसी तरह की चौकसी का निर्देश सभी थानेदारों को दे दिया गया है। साथ ही पुलिस उपाधीक्षकों को भी मोबाइल रहकर चेकिंग अभियान की निगरानी की हिदायत दी गई है। उन्होंने आमजन का भी आह्वान किया कि कुछ संदिग्ध नजर आने पर तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें।