Kada's woman infected with Corona, village sealed
- फोटो : KAUSHAMBI
कड़ा की महिला कोरोना से संक्रमित, गांव किया गया सील
निजी लैब में जांच कराने के बाद मंझनपुर के निजी अस्पताल में थी भर्ती
24 घंटे के लिए सील हुआ नर्सिंग होम का कोविड सेल
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर/कड़ा। कड़ा क्षेत्र के एक गांव की ग्राम प्रधान की जेठानी कोरोना पॉजिटिव मिली। रविवार को निजी लैब की जांच रिपोर्ट आने के बाद हड़कंप मच गया। दरअसल संक्रमित महिला को मंझनपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लिहाजा प्रशासन ने अस्पताल के कोविड सेल को 24 घंटे के लिए सील कर दिया है। गांव में भी बैरिकेडिंग लगवाकर बेवजह की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमित को प्रयागराज के एसआरएन स्थित एल-3 अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
विकासखंड कड़ा क्षेत्र के एक गांव की ग्राम प्रधान महिला हैं। प्रधान की जेठानी अस्वस्थ होने पर तीन दिन पहले प्रयागराज के एक निजी अस्पताल गई थीं। बताया जा रहा है कि अस्पताल में उनका स्वॉब सैंपल लेने के साथ ही दवा देकर घर भेज दिया गया था। घर लौटने के बाद तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर परिजनों ने शनिवार को उन्हें मंझनपुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया था। रविवार को निजी लैब से जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद हड़कंप मच गया। संक्रमित महिला को प्रयागराज के एसआरएन स्थित एल-3 अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। साथ ही निजी अस्पताल के कोविड सेल का सैनिटाइजेशन कराकर 24 घंटे के लिए सील कर दिया गया। इसके अलावा डीएम मनीष कुमार वर्मा ने प्रोटोकॉल के मुताबिक संक्रमित के गांव में बैरिकेडिंग लगवाकर बेवजह की आवाजाही पर पाबंदी लगा दी गई। गांव में साफ-सफाई और सैनिटाइजेशन कराने के साथ ही ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने का निर्देश दे दिया है। वहीं महिला के संक्रमित मिलने के बाद उनके संपर्क में आने वालों की तलाश शुरू कर दी गई है। इसे लेकर चार-छह दिन के भीतर संक्रमित महिला के देवर के संपर्क में आए लोगों में खलबली मची हुई है।
-------------
242 की रिपोर्ट आई निगेटिव, 260 का लिया गया स्वॉब सैंपल
मंझनपुर। कोरोना वायरस का सामुदायिक संक्रमण रोकने के लिए शासन ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है। अब रोजाना ढाई सौ से ज्यादा संदिग्धों की स्वॉब सैंपलिंग कराई जा रही है। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि रविवार को भी जिले के विभिन्न हिस्सों से तकरीबन 260 संदिग्धों का स्वॉब सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजवाया गया है। इनमें 75 प्रतिशत सैंपल संक्रमित के संपर्क में आए लोगों के शामिल हैं। उधर लैब से आई 242 जांच रिपोर्ट में सभी निगेटिव निकले।