मंझनपुर (ब्यूरो)। शाहजहांपुर के पत्रकार जगेंद्र सिंह हत्याकांड के कथित आरोपी मंत्री की बर्खास्तगी की मांग को लेकर बुधवार को कौशाम्बी के मीडियाकर्मियों का क्रमिक धरना जारी रहा। जिला मुख्यालय में धरना देकर पत्रकारों ने मंत्री समेत सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की मांग प्रदेश सरकार से की।
बता दें कि शाहजहांपुर के पत्रकार जगेंद्र सिंह की घर के भीतर जलने से मौत हो गई थी। आरोप है कि पत्रकार को राज्यमंत्री के इशारे पर पुलिसवालों ने जलाकर मारा है। इस मामले में मंत्री समेत सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है। मगर आरोपी मंत्री के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की जा सकी है। इसे लेकर पीड़ित पत्रकार के परिजन न्याय के लिए धरना दे रहे हैं। घटना को लेकर प्रदेश भर के पत्रकारों में जबरदस्त गुस्सा है। इसे लेकर प्रदेश के सभी जिलों में पत्रकारों द्वारा धरना-प्रदर्शन भी किया जा रहा है। कौशाम्बी के भी पत्रकार आरोपी मंत्री की बर्खास्तगी और पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये के मुआवजे की मांग को लेकर 4 दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं। बुधवार को भी पत्रकारों ने मंझनपुर ब्लाक परिसर में धरना दिया।
प्रेस क्लब कौशाम्बी के अध्यक्ष रमेशचंद्र अकेला ने बताया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जातीं पत्रकार अपना प्रदर्शन जारी रखेंगे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार पर आरोपी मंत्री को बचाने का आरोप भी लगाया। कहाकि यदि जल्द पीड़ित पत्रकार के परिवार को न्याय नहीं मिला तो पत्रकार इससे भी बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस मौके पर राजीव सिंह, अशोक विश्वकर्मा, रवींद्र अग्रहरि, आदर्श श्रीवास्तव, सुनील कुमार, प्रदीप सिंह, विमलेश शुक्ल, पंकज अग्रहरि, बीपी यादव, नीरज साहू, राजेंद्र बाबा, वेद प्रकाश, अरशद आदि मौजूद रहे।