जनपद एवं सत्र न्यायाधीश के साथ सोमवार को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने जिला कारागार कौशाम्बी का मुआयना किया। कार्यालय से लेकर अफसरों ने बंदी बैरकों का बारीकी से निरीक्षण किया। अफसरों को जिला जेल में सब दुरुस्त मिला। डीएम ने बताया कि यह रूटीन मुआयना था, जो प्रतिमाह किया जाता है।
जनपद एवं सत्र न्यायाधीश उमेश कुमार ने जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक वीके मिश्र के साथ जिला कारागार का मुआयना किया। इस दौरान न्यायिक और प्रशासनिक अफसरों ने अभिलेखों के साथ बंदियों की बैरक, रसोईघर, अस्पताल की जांच की। कैंटीन का मुआयना किया। बंदियों से भी पूछताछ करके वहां के हालात, गतिविधियों और सुविधाओं आदि की जानकारी अफसरों ने ली। अधिकारियों को जिला कारागार में सब कुछ ठीक-ठाक मिला। बता दें कि अभी दो दिन पहले ही जिला कारागार के एक बंदी के पास से मादक पदार्थ की बरामदगी हुई थी। मादक पदार्थ बंदियों को सप्लाई करने के मामले में बंदीरक्षक के खिलाफ जेल अधीक्षक ने मंझनपुर कोतवाली में एफआईआर भी दर्ज कराई है। इसके बाद से बंदीरक्षक फरार है। माना जा रहा है कि बंदी रक्षक के पास से मादक पदार्थ की बरामदगी और बंदियों को नशीला पदार्थ मुहैया होने के इसी खुलासे के बाद अफसरों ने सोमवार को जिला कारागार का मुआयना किया है। हालांकि डीएम, एसपी ने इस मुआयने को रूटीन जांच बताया।