कस्बे से शुक्रवार को सीएनजी ऑटो से घर लौट रहे एक परिवार के जेवरात चोरी हो गए। आरोप है कि रास्ते में ऑटो में सवार अन्य लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
बिदांव निवासी विजय दिवाकर मुंबई से परिवार के साथ करारी पहुंचे थे और यहां से सीएनजी ऑटो बुक कर घर के लिए निकले। पीड़ित के अनुसार अवाना मोड़ के पास ऑटो चालक ने कुछ अन्य लोगों को भी बैठा लिया। आरोप है कि इसी दौरान पीछे बैठे लोगों ने बैग को निशाना बनाया गया और उसमें रखे जेवरात और नकदी गायब कर दी। पुलिस ने बताया कि जिस सीएनजी ऑटो में परिवार बैठा था, उसकी पहचान के लिए चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।