मैन ऑफ द मैच का सम्मान लेते विनीत। स्रोत- आयोजक
जय मां झारखंडी क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार का दिन जीवन ज्योति क्लब के नाम रहा। प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जीवन ज्योति क्लब ने बरुआ हंटर को 66 रन से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जीवन ज्योति क्लब ने निर्धारित 12 ओवर में 187 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
टीम की ओर से ओपनर विनीत ने मात्र 20 गेंदों में छह छक्के और चार चौकों की मदद से 60 रन की धमाकेदार पारी खेली। वहीं, विपिन मिश्रा ने 11 गेंदों में चार चौकों के सहारे नाबाद 34 रन बनाए। जवाब में बरुआ हंटर की टीम 12 ओवर में आठ विकेट खोकर 121 रन ही बना सकी। मैच में शानदार बल्लेबाजी के लिए विनीत मिश्रा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इसके बाद खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जीवन ज्योति क्लब पश्चिमशरीरा ने जेबा क्रिकेट क्लब मंझनपुर को छह विकेट से हराकर सेमीफाइनल में स्थान पक्का किया। जेबा क्रिकेट क्लब की टीम 12 ओवर में 94 रन पर सिमट गई। जीवन ज्योति क्लब के गेंदबाज बलराम पांडेय ने तीन विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी।
लक्ष्य का पीछा करते हुए जीवन ज्योति क्लब ने मात्र छह ओवर में ही जीत हासिल कर ली। विपिन मिश्रा ने आठ गेंदों में चार छक्कों की मदद से नाबाद 30 रन बनाए। शानदार गेंदबाजी के लिए बलराम पांडेय को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
आज नहीं होगी प्रतियोगिता
जय मां झारखंडी क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजक पूरन सिंह ने बताया कि शनिवार को टूर्नामेंट का आयोजन नहीं होगा। इस दिन ट्रैक पर कुछ काम होना है। यह आयोजन रविवार हो होगा।
मैन ऑफ द मैच का सम्मान लेते विनीत। स्रोत- आयोजक