भीषण गर्मी में एक ओर लोग पानी के लिए जूझ रहे हैं। वहीं, पेयजल के लिए संचालित परियोजनाओं के पूरा होने का तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी कार्यदायी संस्था अभी और समय की मांग कर रही है।
जनपद में जल जीवन मिशन (शहरी) की करोड़ों रुपये की परियोजनाओं को कार्यदायी संस्था को दिसंबर 2025 में पूरा करना था। लेकिन, कार्यदायी संस्था की लापरवाही के चलते दिसंबर 2025 तक पूरी होने वाली योजनाएं अब अगस्त 2026 तक खिंच गई हैं।
चायल, दारानगर और पश्चिमशरीरा नगर पंचायत क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए शासन ने 41.52 करोड़ रुपये की लागत से जल निगम शहरी को कार्यदायी संस्था नामित किया था। करीब तीन वर्ष पहले शुरू हुई इन परियोजनाओं को तय समय पर पूरा नहीं किया जा सका।
टंकियां और पाइपलाइन तैयार होने के बावजूद जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। स्थिति यह है कि कई स्थानों पर ट्रायल के दौरान कुछ दिनों तक पानी आया, लेकिन बाद में आपूर्ति ठप हो गई। कार्यदायी संस्था ने पहले अप्रैल 2026 तक काम पूरा करने का समय मांगा था, लेकिन अब इसे बढ़ाकर अगस्त 2026 कर दिया गया है।
दारानगर में 5000 घरों के सापेक्ष 800 को ही कनेक्शन
दारानगर में 17.40 करोड़ रुपये की लागत से बन रही तीन टंकियों का करीब 65 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। पांच हजार घरों के सापेक्ष अभी तक 800 घरों में ही कनेक्शन दिए जा सके हैं। शेष कार्य के लिए तीन जून तक का समय बढ़ाया गया है। वहीं, चायल में 4.94 करोड़ रुपये की योजना के तहत 2193 घरों में से 617 में कनेक्शन देकर ट्रायल किया गया है। यहां करीब 15 प्रतिशत कार्य शेष है, जिसे 30 जून तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
पश्चिमशरीरा में 8200 घरों में से 350 को ही मिला कनेक्शन
पश्चिमशरीरा में 19.18 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन तीन टंकियों का लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूरा हुआ है। 8200 घरों के सापेक्ष मात्र 350 घरों में ही कनेक्शन हो सके हैं। यहां शेष कार्य पूरा करने के लिए 31 अगस्त तक की समय सीमा तय की गई है।
बजट समय पर न मिलने से परियोजनाएं प्रभावित हुईं, लेकिन अब धनराशि उपलब्ध हो गई है और निर्धारित समयावधि में कार्य पूरा कर जल्द जलापूर्ति शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। -अवध किशोर, नोडल अधिकारी, जल निगम शहरी
समीक्षा में फटकार, फिर भी नहीं सुधरे हालात
जिलाधिकारी ने हाल ही में समीक्षा बैठक में नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और समयबद्ध ढंग से योजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए थे। साथ ही लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है।
नगर पंचायत पश्चिम शरीरा के पूरब शरीरा में निर्माणाधीन पेयजल टंकी
नगर पंचायत पश्चिम शरीरा के पूरब शरीरा में निर्माणाधीन पेयजल टंकी
नगर पंचायत पश्चिम शरीरा के पूरब शरीरा में निर्माणाधीन पेयजल टंकी
नगर पंचायत पश्चिम शरीरा के पूरब शरीरा में निर्माणाधीन पेयजल टंकी