मंझनपुर। सरायअकिल कस्बा निवासी शिक्षक के खाते से ऑनलाइन ठगी करने वाले एक शातिर को रविवार की सुबह पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
सरायअकिल कस्बे के करन चौराहा निवासी अनिरुद्ध कुमार त्रिपाठी पेशे से शिक्षक हैं। उनके बैंक खाते से आठ जनवरी से लेकर दस मार्च के बीच कई किश्तों में 25 हजार रुपये गायब हो गए। इससे परेशान शिक्षक ने मामले की शिकायत सरायअकिल कोतवाली पुलिस से की। जांच के बाद शनिवार को पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। एसपी प्रदीप गुप्ता ने प्रकरण की जांच साइबर सेल को सौंप दी। साइबर सेल में तैनात निरीक्षक महेन्द्र सिंह यादव ने अकाउंट डिटेल खंगाला तो पता चला कि सरायअकिल क्षेत्र के ही घोसिया निवासी अविनाश विश्वकर्मा पुत्र दिनेश कुमार ने ऑनलाइन मोबाइल रिचार्ज किया है। रविवार को नगर कोतवाली में पत्रकार वार्ता करते हुए एसपी प्रदीप गुप्ता व प्रकरण की जांच कर रहे निरीक्षक महेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि अविनाश ठगी का शिकार हुए शिक्षक का करीबी था। कुछ दिन पहले शिक्षक बीमार हुए थे तो अविनाश उनकी मदद के लिए अस्पताल में साथ था। इस दौरान उसे शिक्षक के एटीएम कार्ड का पासवर्ड पता चल गया। इसी का फायदा उठाकर उसने रुपये पार किए। पुलिस ने शातिर को उसके घर के पास से ही गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।