परिषदीय स्कूलों में सुविधाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। गर्मी के दिनों में बच्चों को परेशानी न हो, इसके लिए जिले के 290 स्कूलों में शासन ने इनवर्टर लगाने का निर्णय लिया है। इसके लिए छह और सात मार्च को विद्यालयों के खातों में धनराशि भेज दी गई है।
जिले के स्कूलों की स्थिति में सुधार के साथ अब सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। बीएसए डॉ. कमलेंद्र कुशवाहा ने बताया कि जिले के 290 स्कूलों में इनवर्टर सहित अन्य सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। इसके तहत वर्ष 2022-23 में स्मार्ट क्लास के लिए चयनित 248 विद्यालयों को प्रति विद्यालय 38 हजार रुपये की धनराशि भेजी गई है।
इस धनराशि से विद्यालयों में इनवर्टर, बैटरी और स्टेबलाइजर की खरीद की जाएगी। वहीं 42 अन्य विद्यालयों को प्रति विद्यालय 1.33 लाख रुपये का भुगतान किया गया है। इस धनराशि से स्कूलों में इनवर्टर, बैटरी और स्टेबलाइजर के साथ ही मेज, कुर्सी, अलमारी और अन्य इंटीरियर सामग्री की खरीद की जाएगी।
बीएसए ने बताया कि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से पहले विद्यालयों को यह व्यवस्था पूरी करनी होगी। प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि गर्मी के दिनों में बच्चों को विद्यालय में काफी परेशानी होती थी। इस पहल से राहत मिलेगी।