रविवार भोर में करीब 3.40 बजे पिपरी पुलिस व स्वॉट टीम के प्रभारी सिद्धार्थ सिंह टीम के साथ चायल-चौराडीह मार्ग पर गश्त पर थे। इस दौरान गिरिया गांव के समीप एक बाइक पर तीन लोग आते दिखे। पुलिस ने टार्च जलाकर उन्हें रुकने का इशारा किया तो बाइक सवार पुलिस पार्टी पर फायरिंग करते हुए गाड़ी उल्टी दिशा में मोड़कर भागने लगे। पुलिस ने जवाब में फायरिंग की तो बाइक सवार गिर पड़े।
एक व्यक्ति के पैर में गोली लगने के कारण वह भाग नहीं सका। जबकि उसके दो साथी भाग निकले। पकड़े गए बदमाश की पहचान मवेशी चोर सोहेल के रूप में हुई। सोहेल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि सोहेल ने अपने गैंग के साथ मिलकर पिपरी व चरवा कोतवाली इलाके में हुई चोरी की वारदातों में शामिल होना बताया है। सोहेल के खिलाफ कौशाम्बी, फतेहपुर व रायबरेली जिले में 15 अपराधिक मामले दर्ज हैं।