जिला जज ने सोमवार को अफसरों संग जेल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें सबकुछ दुरुस्त मिला। उन्होंने विधिक सहायता क्लीनिक का उद्घाटन किया। डीजे प्रमोद कुमार सोमवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रमेश चंद्र, एडीएम राकेश श्रीवास्तव व एसपी प्रदीप गुप्ता के साथ जिला जेल पहुंचे। उन्होंने बैरक, मेस, दफ्तर आदि की व्यवस्थाएं देखीं। बंदियों-कैदियों से उनकी समस्याओं के बारे में पूछताछ की।
सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ ही बंदियों व कैदियों का समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने का निर्देश दिया। विधिक सहायता क्लीनिक का उद्घाटन किया। बताया कि इस क्लीनिक की स्थापना के बाद गरीब तबके के बंदियों, कैदियों को काफी सहूलियत मिलेगी। निरीक्षण के दौरान जेल प्रशासन सकते में रहा। डीजे के जाने के बाद सभी ने राहत की सांस ली। प्रभारी जेलर बीएस मुकुंद ने बताया कि कारागार की सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जा रही हैं।