बेसिक शिक्षा विभाग के निरीक्षण में मंझनपुर ब्लॉक के चार प्राथमिक विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था और मध्याह्न भोजन (एमडीएम) संचालन में अनियमितताएं सामने आई हैं। सात शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय हजरतगंज में सुबह 11:20 बजे बच्चे कक्षाओं के बाहर घूमते मिले। कई छात्रों की कार्य पुस्तिकाएं अधूरी थीं और भरी हुईं कॉपियों की भी शिक्षकों ने जांच नहीं की थी। कुछ बच्चों ने एमडीएम में रोटी न मिलने की शिकायत की। इस पर प्रधानाध्यापक मीरा यादव समेत तीन शिक्षकों को नोटिस जारी किया गया।
यूसुफपुर रारा विद्यालय में भी कक्षा 5 की गणित की कार्य पुस्तिका बिना जांच के मिलने पर सहायक अध्यापक निरंजन सिंह को नोटिस दिया गया।प्राथमिक विद्यालय दीवर में कई छात्रों की हिंदी, अंग्रेजी और गणित की कार्य पुस्तिकाएं अधूरी मिलीं। निरीक्षण में टाइम एंड मोशन का पालन नहीं होने और मध्याह्न भोजन का नमूना सुरक्षित न रखने की भी पुष्टि हुई। इस पर प्रभारी प्रधानाध्यापक अर्चना देवी सहित तीन शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
बीएसए डॉ. कमलेंद्र कुशवाहा ने बताया कि सभी संबंधित शिक्षकों को साक्ष्यों सहित शीघ्र स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं और विद्यालयों में शिक्षण गुणवत्ता और एमडीएम व्यवस्था सुधारने पर जोर दिया है।