फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दोहरे हत्याकांड से करारी में दूसरे दिन भी तनाव

Sat, 11 Jul 2015 12:41 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, कौशाम्बी
विज्ञापन
विज्ञापन
करारी (कौशाम्बी)। भाजपा नेता सुरेश नागर चौधरी के चचेरे भाई समेत दो लोगों की हत्या से दूसरे दिन भी करारी का माहौल  तनावपूर्ण रहा।  मारे गए कथित बदमाश चुप्पा के परिजन भी शुक्रवार को आक्रोशित दिखे। चुप्पा की बहन ने तहरीर देकर भाजपा नेता के दो भांजों पर हत्या का आरोप लगाते हुए  एफआईआर की मांग की। यही नहीं नगर पंचायत अध्यक्ष मौला बख्श ने समर्थकों संग थाने का घेराव किया। उनकी मांग है कि घटना की तफ्तीश पूरी हुए बगैर किसी की भी गिरफ्तारी न की जाए। दूसरी ओर हत्याभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित परिवार और कस्बे के लोगों में भी आक्रोश है। तनाव के मद्देनजर कस्बे में तीन थानों की फोर्स के साथ ही डेढ़ सेक्शन पीएसी और क्यूआरटी के जवान डेरा डाले हैं।
विज्ञापन


बता दें कि भाजपा नेता सुरेश नागर चौधरी के दरवाजे पर बुधवार रात उनके चचेरे भाई बबलू और कथित बदमाश चुप्पा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना में बबलू के भाई विनोद की तहरीर पर सपा नेता और करारी नगर पंचायत अध्यक्ष मौला बख्श के रिश्तेदार इनायत कुरैशी, सलमान समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। सपा नेता के रिश्तेदारों पर मुकदमा और भाजपा नेता के भाई की हत्या से कस्बे का माहौल शुक्रवार को भी तनावपूर्ण रहा। इसी बीच घटना में मारे गए कथित बदमाश चुप्पा की बहन मोना भी शुक्रवार सुबह थाने पहुंच गई। उसने तहरीर देकर भाजपा नेता सुरेश नागर के भांजे सोनू और मोनू पर भाई की हत्या का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि घटना की जानकारी होने पर जब वह मौके पर गई तो कई लोगों ने उसे बताया कि बबलू की हत्या के बाद इन्हीं लोगों ने गोली दागकर उसके भाई चुप्पा की जान ले ली।  मोना की तहरीर लेने में आनाकानी करने पर उसके साथ रहे लोगों की पुलिस से झड़प भी हुई।

तीखी नोकझोंक के बाद सीओ ने तहरीर लेते हुए निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस ने मोना की तहरीर पर कोई एफआईआर दर्ज नहीं की थी। इसके साथ ही नगर पंचायत अध्यक्ष ने भी समर्थकों के साथ थाने का घेराव किया। उनकी मांग है कि घटना की बारीकी से जांच की जाए। तफ्तीश के बाद ही गिरफ्तारी हो। उधर, हत्या के नामजदों की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार के साथ ही कस्बे के लोगों में नाराजगी है। भाजपा नेता और उनके समर्थकों का कहना है कि पुलिस गिरफ्तारी में ढिलाई करेगी तो उसे लेकर आंदोलन किया जाएगा। मामले में सीओ पूर्णेंदु सिंह का कहना है कि कस्बे में किसी भी स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। दोहरे हत्याकांड की बारीकी से जांच की जा रही है। निष्पक्षता से कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन


बेदम तहरीर ने रोके पुलिस के कदम
मृतक के भाई की तहरीर में सलमान के अलावा किसी पर भी गंभीर आरोप नहीं
मंझनपुर (ब्यूरो)। दोहरे हत्याकांड मामले में मृतक बबलू के भाई विनोद की ओर से नामजद तहरीर जरूर दी गई है। मगर इसमें कोई खास दम नहीं दिख रहा है। खुद सीओ पूर्णेंदु सिंह ने बताया कि तहरीर में सलमान के अलावा बाकी किसी पर भी गंभीर आरोप नहीं हैं। उनका कहना है कि वादी ने सलमान पर गोली मारने का आरोप लगाया है। इसके अलावा बाकी नामजद और अज्ञात लोगों को मौके पर खड़ा दिखाया गया है। इन पर ललकारने अथवा गाली गलौज करने तक का भी आरोप नहीं है। सीओ का कहना है कि सलमान की गिरफ्तारी तो की जाएगी लेकिन बाकी को पकड़ने के लिए आला अधिकारियों से बात करनी होगी, क्योंकि इनको पकड़ने का कोई आधार नहीं बन पा रहा है।  

 बदमाशों की गोली का शिकार हुए बब्लू का रात में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। इसके लिए पुलिस भी काफी प्रयासरत थी। अंत्येष्टि होने के बाद ही पुलिस अधिकारियों ने राहत की सांस ली। मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही घर आया कस्बे का माहौल गमगीन हो गया। परिवार के लोग तो शव से लिपटकर दहाड़ें मार-मारकर बिलख रहे थे। मां, बाप, भाई, बहन समेत परिवार के सभी सदस्य और रिश्तेदारों के आंसू नहीं रुक रहे थे। ढांढस बंधाने वालों की भी आंखें नम थीं।

 दोहरे हत्याकांड में कार्रवाई की मांग को लेकर विहिप ने आंदोलन की चेतावनी दी है। शुक्रवार को कस्बे में संगठन के कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें जिला मंत्री प्रदीप मिश्र ने कहाकि पुलिस प्रशासन किसी के भी दबाव में निर्दोषों के खिलाफ कार्रवाई न करे। जिसने भी कस्बे का माहौल खराब करने के लिए इस तरह की घटना अंजाम दी है उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। इस मौके पर भक्ति नारायण, रामबाबू चौधरी, ओमप्रकाश पांडेय, सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।

 दोहरे हत्याकांड के बाद बवाल की आशंका में करारी कस्बे को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। बाजार से लेकर चौराहे और मोहल्लों में पुलिस, पीएसी के जवान दिन भर चहलकदमी करते रहे। इसके अलावा एएसपी ओपी पांडेय, सीओ पूर्णेंदु सिंह भी दिन में ज्यादातर वक्त कस्बे में ही घूमते दिखे। अफसरों की अगुवाई में पुलिस टीम बाजार में लगातार फ्लैग मार्च कर रही है। इसे लेकर कस्बाइयों में दहशत का माहौल है। जरूरी कामों के लिए ही लोग घर से निकलते हैं और दबे पांव वापस आ जाते हैं। चौराहे पर पुलिस का पहरा होने से आने-जाने वाले राहगीर भी यहां रुकना बेहतर नहीं समझते हैं। इस वजह से कस्बे में सन्नाटे जैसी स्थिति है।
विज्ञापन



विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें