चरवा के चौराडीह बाजार में बुधवार शाम मामूली विवाद में लोहे की राॅड से हमला कर एक युवक का सिर फोड़ दिया गया। बृहस्पतिवार सुबह शिकायत पर पुलिस ने पीड़ित को मेडिकल के लिए अस्पताल भेज दिया।
पिपरी कोतवाली के गिरिया खालसा गांव निवासी जयचंद्र ने बताया कि बुधवार शाम वह बिजली की झालर खरीदने चौराडीह बाजार गया था। बाइक से उतरने के दौरान उसका पैर बगल में खड़े युवक को लग गया। इसी बात को लेकर वह जयचंद्र से गाली गलौज करने लगा।
आरोप है कि गाली गलौज का विरोध करने पर युवक अपने दो साथियों के साथ लोहे की राॅड से पीटने लगा। इससे जयचंद्र का सिर फट गया और वह बेहोश हो गया। शोर सुन जुटे लोगों ने बीचबचाव कर मामला शांत कराया।
जानकारी के बाद पहुंचे परिजनों ने उसे इलाज के लिए ट्रैक्टर पर लाद कर नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। होश आने पर बृहस्पतिवार सुबह घायल ने थाने जाकर तीन आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने जांच के बाद मुकदमा दर्ज करने की बात कही है।